सीकर

भारत बंद : नीमकाथाना में चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस फोर्स, दिनभर रहा कर्फ्यू जैसा माहौल

Barat Bandh Live Update : बंद के दौरान शहर में चाय, सब्जी, किराना, कपड़ा तथा मेडिकल सहित सभी प्रकार के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखा।
2 min read
• •
Updated: 10 Apr 2018, 8:06 PM IST
Rajasthan,Sikar ,neemkathana, Bharat Bandh, Bharat Bandh live, Bharat Bandh update
Rajasthan,Sikar ,neemkathana, Bharat Bandh, Bharat Bandh live, Bharat Bandh update

नीमकाथाना.

सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दलित उत्पीडऩ कानून में दिए गए निर्णय के समर्थन में तथा आरक्षण के विरोध में मंगलवार को शहर सहित उपखंड क्षेत्र पूर्णतया बंद रहा। यहां तक की आस पास के गांव ढाणियों में भी लोगों ने दुकानें न खोलकर बंद का समर्थन किया। बंद के दौरान शहर में चाय, सब्जी, किराना, कपड़ा तथा मेडिकल सहित सभी प्रकार के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को स्वेच्छा से बंद रखा।

इस दौरान पुलिस महकमा व स्थानीय प्रशासन कोई भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। बाजार में उपखंड अधिकारी जेपी गौड़, तहसीलदार सरदार सिंह गिल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ तेजपाल सिंह, पुलिस उपाधीक्षक दिनेश यादव, कोतवाल रणजीत सेवदा ने पुलिस फोर्ससाथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान बीएसएफ, क्यूआरटी, आरएससी व पुलिस के जवान हथियारों से लैस थे। इसके अलावा हर चौराहे पर सेना के जवान हथियारों के साथ तैनात थे। शहर में अलसुबह खुलने वाली चाय की थडिय़ा भी बाजार में बंद रही। छावनी व शहर के बजारों में सन्नाटा छाया रहा।

मध्यरात्रि तक लागू रही धारा 144

2 अप्रेल को भीम सेना के आह्वान पर भारत बंद के दौरान नीमकाथाना में हुए जमकर उपद्रव को लेकर प्रशासन ने पहले से ही शहर में मंगलवार को सुबह 6 बजे से मध्यरात्रि तक धारा 144 लागू कर दी। इस दौरान शहर की सड़कें सूनी रही। कर्फ्यू जैसा माहौल रहा। लोग 2 अप्रेल की घटना को देखते हुए मंगलवार को बंद के दौरान सुबह से शाम तक घरों में ही छुपे रहे।


ना कोई संगठन ना कोई नेता,बंद सफल

शहर में दुकानादारों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान स्वैच्छिक बंद रखे। बंद को लेकर किसी नेता या संगठन ने किसी भी प्रकार को आह्वान नहीं किया। मात्र शोसियल मीडिया व सामाचारों की खबरों के आधार पर बंद शांति पूर्वक सफल रहा। सर्व समाज अध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा ने शांतिपूर्व व्यवस्था के लिए प्रशासन व सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

बाजौर हाउस के सामने तैनात रहा जाप्ता

पुलिस प्रशासन ने 2 अप्रेल की घटना को देखते हुए इस बार पहले से ही सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष व स्थानीय विधायक प्रेम सिंह बाजौर के आवास के सामने अल सुबह से ही पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया। बंद के दौरान शहर में लोगों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा। आवश्यक सेवायें बदस्तूर जारी रही।


पाटन में भी छाया रहा सन्नाटा

पाटन.बंद को लेकर पाटन गांव में भी मुख्य बस स्टैण्ड व आसपास के गांवों में सन्नाटा छाया रहा। इलाके के डाबला व हसामपुर में भी सभी दुकानें दिनभर बंद रही। कस्बे के सब्जी मंडी, पेट्रोल पंप,मुख्य बाजार व बस स्टैंड की सभी दुकाने दिनभर बंद रही। इस दौरान थानाधिकारी महेंद्र मीणा ने पुलिस बल के साथ कस्बे सहित आसपास के गांवों में दिन भर गश्त की । बंद के दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय वारदात या तनाव की घटना नहीं हुई।

टोडा रहा शांतिपूर्ण बंद

टोडा.भारत बंद के दौरान मंगलवार को गांव का बाजार शांतिर्पूण बंद रहा। इस दौरान व्यापारियों ने सुबह से ही अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। वहीं पर पुलिस ने बाजार में कड़ी सुरक्षा रखी। इस दौरान उपभोक्ता खाद्य सामग्री के लिए परेशान होते नजर आए।


गणेश्वर में भी नहीं खुली दुकानें

गणेश्वर.भारत बंद के दौरान गांव गणेश्वर,चीपलाटा,आगरी,दीपावास में भी सभी व्यापारियों ने दुकाने बंद रख कर स्वैच्छिक बंद का समर्थन किया। क्षेत्र में दिनभर पुलिस की गाडिय़ा गश्त करती नजर आई।

Published on: