
राजस्थान के 300 महात्मा गांधी अंग्रेजी मीडियम स्कूलों में बच्चे हाईटेक पढ़ाई करेंगे। यहां राज्य सरकार की ओर से रोबोटिक्स लैब तैयार करवाई गई है। जहां नए सत्र से विद्यार्थी इलेक्ट्रॉनिक, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, AI व मशीन लर्निंग से जुड़े उपकरणों से नवाचार व आविष्कार करना सीखेंगे। इसके लिए राजस्थान राज्य शिक्षा परिषद चयनित स्कूल के शिक्षकों को प्रशिक्षण दे रहा है। योजना के तहत सीकर जिले की 30 स्कूलों का चयन हुआ है।
99 तरह के उपकरण व मॉडल मिलेंगे
रोबोटिक लैब के लिए महात्मा गांधी स्कूलों को 99 प्रकार के रोबोटिक उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं। इनमें रोबोटिक कार, स्मार्ट डिवाइस स्टेम किट, रोबोटिक किट, होम ऑटोमेटिक किट, मेटल डिटेक्टर किट, लाइफ साइंस वॉइस कंट्रोल्ड रोबोटिक किट, प्रोजेक्टर स्टेम किट, टेलीस्कोप, प्रिंटिंग प्रेस स्टेम किट, आरड्यूनो कोडिंग स्टेम किट, मल्टीफंक्शनल रोबोटिक किट, ड्रोन, थ्री डी प्रिंटर, कलर रिकॅगनीशन सेंसर, आर्मी टैंक जैसे कई अन्य रोबोटिक किट शामिल हैं। एक्सपर्ट ने बताया कि हर साल इन उपकरणों का रख-रखाव करने के साथ ही नई तकनीकी के अन्य उपकरण मॉडल भी भेजे जाएंगे। इससे सरकारी स्कूलों के बच्चे समय के साथ नई तकनीक की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें : क्या राजस्थान की इस सीट पर हैट्रिक लगा पाएगी भाजपा, नेताओं में चल रही खींचतान के चलते एक्शन में पार्टी
शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण
रोबोटिक लैब्स के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए चयनित स्कूलों के विज्ञान, गणित व कंप्यूटर शिक्षक को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिले में अब तक 20 सरकारी स्कूलों के शिक्षक ये प्रशिक्षण हासिल कर चुके हैं। 10 स्कूलों और शिक्षकों का प्रशिक्षण होना बाकी है। प्रशिक्षण मेें रोबोट व मशीनरी सहित विभिन्न उपकरणों को जोड़कऱ नया उत्पाद तैयार करने के गुर बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : रेल यात्रियों के लिए Good News, लंबी दूरी की 35 जोड़ी ट्रेनों में 68 कोच बढ़ाए, राजस्थान से गुजरने वाली ट्रेनें भी शामिल
नवाचार व आविष्कार सीखेंगे बच्चे
जिले की 30 महात्मा गांधी स्कूल में रोबोटिक्स लैब के लिए उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं। आधुनिक तकनीक से जुडऩे के साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच व आविष्कार की भावना के विकास के लिए ये नवाचार किया जा रहा है। नए सत्र में जिले की चयनित स्कूलों में विद्यार्थियों को रोबोटिक्स लैब का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
रामसिंह शेखावत, कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा अभियान, सीकर