
सीकर।
सबसे वजनी गोभी का फूल उगाने का विश्व रिकॉर्ड कायम कर लिम्का बुक में नाम दर्ज कराने वाले सीकर के अजीतगढ़ कस्बे किसान जगदीश पारीक का चयन अब पद्मश्री पुरस्कार के लिए हुआ है। जैविक खेती को नया आयाम देने वाले जगदीश राष्ट्रपति से यह पुरस्कार हासिल करेंगे। जिसकी सूचना मिलते ही पूरे कस्बे में खुशी की लहर दौड़ गई। घर बधाई देने वालों का तांता लग गया, तो मिठाइयों से मुंह मीठा करने का दौर शुरू हो गया। बतादें कि जगदीश पारीक यूं तो एक किसान है लेकिन, कीटनाशक रहित खेती के लिए वह किसान वैज्ञानिक का दर्जा हासिल कर चुके हैं।
70 बसंत देख चुके है जगदीश पारीक
70 बसंत देख चुके जगदीश पारीक निरंतर सब्जियों की नई किस्म विकसित करने में लगे रहते हैं। जैविक खेती के जरिए अच्छी गुणवत्ता, कीटरोधी और सामान्य से काफी बड़े आकार की सब्जियों की पैदावार कर उन्होंने खेती से जुड़े कई मिथकों को तोड़ा है। 1970 से आर्गेनिक खेती की शुरुआत करने वाले जगदीश ने सबसे पहले आधा से पौन किलो वजनी गोभी की पैदावार की। जिसमें केवल गोबर से बनी हुई जैविक खाद का प्रयोग किया। उसके बाद वह अपने खेत में 25 किलो वजनी गोभी से लेकर 12 किलो वजनी पत्ता गोभी, 86 किलो वजनी कद्दू, 6 फुट लंबी घीया, 7 फुट लंबी तुरई, 1 मीटर लंबा तथा 2 इंच मोटा बैंगन, 3 किलो से 5 किलो तक गोल बैंगन, 250 ग्राम का प्याज, साढ़े तीन फीट लंबी गाजर और एक पेड़ से 150 मिर्ची तक का उत्पादन कर कृषि जगत में तहलका सा मचा दिया।
पारीक अपनी गोभी पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा, एपीजे अब्दुल कलाम, प्रणव मुखर्जी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और पूर्व राज्यपाल मार्गेट अल्वा को भेंटकर उनकी उनसे प्रशंसा पा चुके हैं। अपने इन्ही प्रयोंगो के चलते उन्हें प्रोत्साहन स्वरुप वर्ष 2000 में श्रृष्टि सम्मान और वर्ष 2001 में फस्र्ट नेशनल ग्रास रूट इनोवेशन अवार्ड मिल चुका है। वर्ष 2001 में ही 15 किलो की गोभी उत्पादन के लिए इनका नाम लिम्का बुक में दर्ज हो चुका है। पारीक अब तक छह बार राष्ट्रपति भवन के कार्यक्रमों में शिरकत कर चुके हैं और सबसे वजनी गोभी के फूल के विश्व रिकॉर्ड में दूसरे पायदान पर हैं।
जगदीश प्रसाद विश्व रिकॉर्ड को तोडऩे के लिए जैविक खेती से 25 किलो 150 ग्राम वजनी गोभी का एक फूल उत्पादित कर चुके हैं परन्तु इनकी गोभी का फूल साढ़े आठ सौ ग्राम वजन से पिछड़ा हुआ है। वर्तमान में गोभी के फूल का विश्व रिकॉर्ड 26 किलो वजन के साथ अमेरिका के नाम है। पारीक का पूरा ध्यान अब 26 किलो से ज्यादा वजनी गोभी का फूल उत्पादित कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करने पर है।