
पलसाना (सीकर) कस्बे के अभयपुरा रोड पर रविवार शाम को मोबाइल की पुरानी बैट्री से छेड़छाड़ करते समय विस्फोट होने से एक किशोर झुलस गया। बाद में उसे लहूलुहान हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार अभयपुरा रोड निवासी सुरेश कादिया का 13 वर्षीय पुत्र राहुल कादिया घर पर मोबाइल की पुरानी बैट्री से छेड़छाड़ कर रहा था।
इस दौरान बैट्री में विस्फोट हो गया। जिससे राहुल के चेहरे, हाथ और सीने में घाव हो गए। बाद में परिजन उसे लहूलुहान हालत में सरकारी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां राहुल का उपचार किया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि पहले तो उन्हें लगा कि घर के जियो फोन में विस्फोट हो गया, लेकिन बाद में पता चला कि राहुल मोबाइल की पुरानी बैट्री से छेड़छाड़ कर रहा था। बताया जा रहा है कि राहुल ने प्लग से करंट जोडकऱ बैट्री में लगाया था। इस दौरान बैट्री में विस्फोट हो गया मोबाइल में विस्फोट की खबर के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई।
सडक़ हादसों में तीन की मौत
सीकर. जिले में रविवार को अलग-अलग सडक़ हादसों में तीन लोगों को मौत हो गई वहीं कई गंभीर घायल हो गए। श्रीमाधोपुर सडक़ मार्ग पर रविवार को सडक़ पार कर रही महिला को वेन ने टक्कर मार दी जिससे महिला की मौत हो गई तथा कार सवार दम्पती घायल हो गए। पुलिस जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी धर्मवती पत्नी राजपाल सिंह खाटूश्यामजी जाने के लिए बस से आ रही थी। कांकड का बालाजी के पास बस का टायर खराब होने पर चालक बस को सडक़ किनारे खड़ी करके टायर बदल रहा था।
इसी दौरान बस से उतरकर सडक़ पार कर रही धर्मवती को मारती वेन की टक्कर लग गई। हादसे के बाद वेन भी पेड़ से टकरा गई जिससे वेन सवार नालोट निवासी कृष्ण कुमार व उसकी पत्नी पूनम घायल हो गए। तीनों को 108 से रींगस सीएचसी में भर्ती करवाया गया, जहां धर्मवती को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कृष्ण कुमार की हालत गम्भीर होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों के आने पर पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मौके से वेन को जब्त कर लिया। घटना को लेकर किसी भी पक्ष द्वारा थाने में मामला दर्ज नहीं करवाया गया।
पाटन. इलाके के नहर बस स्टैंड पर रविवार सुबह एक पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया की ढाणी लोढ़ा की तन न्यौराणा निवासी बलराम मीणा सुबह 8.30 बजे चोटिया स्थित स्टोन क्रेशर पर जा रहा था। तभी कोटपूतली रोड पर नहर स्टैंड पर सामने से आ रही पिकअप गाड़ी के चालक ने गफ लत में लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
टोडा. समीपवर्ती गांव लुहारवास के एक युवक की हादसे में मौत हो गई। दिनेश मीणा पुत्र रामावतार मीणा (21) जयपुर में रहकर मजदूरी करता था। शनिवार सुबह वह कालवाड़ रोड़ स्थित अपने मकान से रवाना हुआ था। थोड़ी दूर रवाना होने के बाद सामने से आ रहे वाहन से हादसा हो गया। हादसे में दिनेश के गंभीर चोट लगी।
लोगों व एंबुलेंस की सहायता से युवक को एसएमएस चिकित्सालय ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घाषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। रविवार को युवक का अंतिम संस्कार किया। मृतक दिनेश सहित चार भाई-बहिन हैं। मृतक के दो बहन व भाई हैं। मृतक के भाई-बहिन अध्ययन करते हैं। दिनेश जयपुर में रहकर मजदूरी करता था।