
सीकर. राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में नेशनल हाइवे 52 पर शुक्रवार को
कार और बस की भिडंत हो गई। हादसे में श्रीगंगानगर निवासी पांच लोग घायल हो गए। जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर सीकर के एसके अस्पताल में रैफर कर दिया गया। जबकि दो लोगों को इलाज के लिए स्थानीय राजकीय धानुका अस्पताल लाया गया। जानकारी के मुताबिक हादसा बीहड़ के बालाजी मंदिर के पास हुआ। जहां बस और कार की आमने सामने की भिडंत हुई। पुलिस के अनुसार श्रीगंगानगर का एक परिवार कार में सवार होकर जयपुर से श्रीगंगानगर जा रहा था। इसी दौरान फतेहपुर में यह हादसा हो गया। हादसे में परिवार के अरूण, मंजू, राजेन्द्र, प्रेमचंद और शांति देवी घायल हो गए। जिनमें से अरुण, मंजू और राजेन्द्र को घटनास्थल से सीधा सीकर रैफर कर दिया गया। जबकि घायल प्रेमचन्द एवं शांति देवी को राजकीय धानुका अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि परिवार के लोग जयपुर में किसी समारोह में शामिल होकर वापस गंगानगर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
ओवरटेक के फेर में हुआ हादसा, घटना के बाद मच गई चीख पुकार
फतेहपुर में कार और बस के बीच हुई भिडंत ओवर टेक के फेर में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार बेहद तेज रफ्तार में थी। जो तेज गति में ही किसी वाहन को ओवर टेकर कर रही थी। इसी दौरान कार चालक को सामने से आ रही बस की रफ्तार का अंदाजा नहीं रहा। और कार ओवरटेक करते ही बस में जा घुसी। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। सूचना पर 108 एंबुलेंस और पुलिस पहुंची। जिसने नजदीकी लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी पर अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, हादसा स्थल पर भी लोग क्षतिग्रस्त वाहनों केा देखने के लिए देर तक पहुंचते रहे। पुलिस ने बताया कि घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।