
Bबगड़ (झुंझुनूं). Bझुंझुनूं-चिड़ावा स्टेट हाईवे पर बगड़ तिराहा बस स्टैंड के निकट मंगलवार आधी रात हुए भीषण सड़क हादसे में सेना के एक जवान सहित दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि कार पेड़ से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों युवक अंदर फंस गए। पुलिस को उन्हें बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता लेनी पड़ी। पुलिस के अनुसार मंगलवार रात गश्त के दौरान तिराहा बस स्टैंड के पास एक कार पेड़ से टकराई हुई दिखाई दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि वाहन में सवार चारों युवक बुरी तरह फंसे हुए हैं। काफी प्रयासों के बावजूद जब उन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका तो जेसीबी मशीन बुलाकर वाहन को काटा गया। इसके बाद चारों युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में राकेश कुमार (35) पुत्र सहीराम जाट निवासी दुतो की ढाणी तन कोलसिया तथा नितिन कुमार (22) पुत्र सुमेर सिंह जाट निवासी लाम्बा गोठड़ा की मौत हो गई। वहीं, साक्षक सीगड़ पुत्र संजय कुमार जाट निवासी महराना तथा विजयपाल पुत्र गणेशराम नायक निवासी सैनिक नगर, झुंझुनूं गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से बीडीके अस्पताल पहुंचाया गया। जहां साक्षक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जयपुर रैफर कर दिया गया।
B23 जुलाई को छुट्टी पर घर आया था जवान, दूसरा मृतक नितिन था छात्रB
मृतक राकेश कुमार भारतीय सेना में कार्यरत था। वह हाल ही में 23 जुलाई को अवकाश पर घर आया था और 14 अगस्त को पुनः ड्यूटी पर लौटने वाला था। उसकी तैनाती नासिक में थी तथा वर्तमान में दिल्ली में प्रशिक्षण से संबंधित कार्य चल रहा था। राकेश झुंझुनूं हाउसिंग बोर्ड में रह रहा था। परिवार में वह दो भाई-बहनों में बड़ा था। उसकी शादी सोटवारा निवासी संजू से हुई थी तथा उसका छह वर्षीय पुत्र है। दूसरे मृतक नितिन कुमार लाम्बा गोठड़ा निवासी था और कॉलेज में अध्ययनरत था। वह दो भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी माता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जबकि पिता घर पर रहते हैं।
Bदोस्त को घर छोड़ने जा रहे थेB
मृतक नितिन के मित्र सोनू शर्मा निवासी डाबड़ी के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे राकेश अपने साथियों के साथ नितिन को उसके घर लाम्बा गोठड़ा छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान बगड़ तिराहा बस स्टैंड के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पीरामल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद दोनों शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।