सीकर

दस्तावेज सत्यापन का बदला फॉर्मूला अब अलग-अलग राज्यों में जाएंगी टीम

राहत: चिकित्सा विभाग ने तीन भर्तियों को लेकर बनाई टीम
3 min read
Feb 24, 2024
doctor_posting_in_chhattisgarh.jpg
बेरोजगार बोले, किसी भी पैटर्न से हो जांच, अगले महीने तक नियुक्ति दें सरकार

चिकित्सा विभाग की भर्तियों को लेकर सीएम व चिकित्सा मंत्री के तेजी दिखाने के बाद अब सीफू प्रशासन भी एक्शन मोड में आ गया है। अब तक आठ केडर की भर्तियों में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन को लेकर चल रही कवायद के बीच सीफू ने पैटर्न बदल लिया है। राजस्थान पत्रिका ने चिकित्सा विभाग की अटकी भर्तियों के मामले में एक्सपर्ट से बातचीत कर तीन दिन पहले ही सुझाया था कि राजस्थान लोक सेवा आयोग व कर्मचारी चयन बोर्ड के पैटर्न पर अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन कराया जाए तो बेरोजगारों को जल्दी राहत मिल सकती है। चिकित्सा विभाग ने भी राजस्थान पत्रिका के समाचार पर मुहर लगाते हुए इसी पैटर्न से बाहरी राज्यों से पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के लिए अलग-अलग राज्यों में टीम भेजने का फैसला लिया है। पहले चरण में चिकित्सा विभाग ने तीन भर्तियों के चयनितों के दस्तावेज के लिए टीम सात दिन में रिपेार्ट देगी। ऐसे में इन भर्तियों का परिणाम इस महीने के आखिर या मार्च के पहले सप्ताह में जारी हो सकता है।

इधर, परिवेदनाओं के निस्तारण की तैयारी
चिकित्सा विभाग ने आठ केडर की भर्तियों के लिए अलग-अलग रोडमैप तैयार किया है। सबसे पहले तीन सबसे छोटी भर्तियों का परिणाम जारी किया जाएगा। इनके दस्तावेजों की जांच के दौरान अन्य भर्तियों में लगी परिवेदनाओं के निस्तारण की पहल होगी। वहीं विभाग की विधिक टीम ने भर्ती को न्यायिक विवादों से बचाने के लिए महाधिवक्ता से राय लेने की भी तैयारी कर ली है।

बेरोजगारों ने किया पूर्व विधायक का अभिनंदन
नर्सिंग व पेरामेडिकल भर्तियों को अनलॉक कराने में सकारात्मक भूमिका निभाने पर बेरोजगारों की ओर से पूर्व विधायक रामलाल शर्मा का चौमूं में अभिनंदन किया। सीकर, नीमकाथाना, चूरू व झुंझुनूं सहित प्रदेश के कई जिलों के सैकड़ों बेरोजगारों ने स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार पूरी तरह से बेरोजगारों के साथ है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बेरोजगारों को राहत देने के लिए सत्ता में आते ही सबसे पहले पेपर लीक माफिया पर नकेल कसी है। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष खुशीराम मीना, प्रदेश महासचिव सुरेंद्र गुर्जर, क्रीडा मंत्री राहुल जाखड़, जिला उपाध्यक्ष रोबिन, रविकान्त ,राजपाल मीना, निर्मला आदि ने कहा कि 23 दिन के आंदोलन के दौरान पूर्व विधायक ने आश्वासन दिया था। इसके बाद अब बेरोजगारों को खुशियां मिली है। प्रदेश महासचिव सुरेंद्र गुर्जर ने बताया कि पूर्व विधायक ने सरकार, चिकित्सा विभाग और बेरोजगारों के बीच कड़ी बनकर काम किया। इस वजह से मुख्यमंत्री ने चिकित्सा विभाग की 20 हजार भर्तियों को पूरा कराने की बात कही है।

एक्सपर्ट की लेनी चाहिए मदद
सरकार भले ही किसी भी पैटर्न से दस्तावेजों की जांच कराए, लेकिन बेरोजगारों को राहत मिलनी चाहिए। यदि सीफू की ओर से प्लानिंग के तहत काम नहीं किया गया तो मामला आचार संहिता के फेर में उलझ सकता है। सीफू को एक्सपर्ट की मदद लेकर जल्द नियुक्ति देनी चाहिए।
खुशीराम मीणा, प्रदेश अध्यक्ष, नर्सिंग एसोसिएशन

विभाग को भी राहत
मुख्यमंत्री व चिकित्सा मंत्री ने बेरोजगारों की परेशानी को समझते हुए भर्तियाें को आगे बढ़ाने की पहल की है जो सराहनीय है। लगभग 20 हजार 500 पदों पर भर्ती होने से चिकित्सा विभाग को भी राहत मिलेगी।
सुरेन्द्र शुक्ला

संघर्ष की जीत
बेरोजगारों के 23 दिन के संघर्ष की यह जीत है। सरकार को अब नियुक्ति देने का कलैण्डर घोषित करना चाहिए। जिन भर्तियों में ज्यादा अड़चन नहीं है उनका परिणाम जल्द जारी करना चाहिए जिससे बेरोजगारों को राहत मिल सके।
राजपाल मीणा, प्रवक्ता

अब लगातार हो मॉनिटरिंग
सरकार की ओर से अब लगातार इन भर्तियों की मॉनिटरिंग की जानी चाहिए। क्योंकि पिछली सरकार ने भी आचार संहिता के समय इन भतियों को आगे बढ़ाने की कोशिश की थी, लेकिन चिकित्सा विभाग और सीफू की लापरवाही से मामला उलझ गया था।
रोबिन, जिला उपाध्यक्ष

स्थायी भर्तियों से ही राहत
चिकित्सा विभाग में लंबे अर्से बाद स्थायी भर्ती हो रही है। चिकित्सा विभाग को भविष्य में भी स्थायी भर्तियों की तरफ ही आगे बढ़ना चाहिए। जब तक चिकित्सकीय संस्थाओं में मरीजों के अनुपात में स्टाफ नहीं होगा तब तक राहत की उम्मीद नहीं की जा सकती है।
देवकिशन लोढा

अब तक हो जानी चाहिए थी नियुक्ति
चिकित्सा विभाग की आठ केडर की भर्तियों में अब तक नियुक्ति होनी चाहिए थी। लेकिन भर्ती एजेन्सी की लापरवाही की वजह से मामला उलझा हुआ रहा था। अब सरकार को जल्द बेरोजगारों को राहत देने का काम करना चाहिए।
नीतू

इंतजार होगा पूरा
बेरोजगारों को कई महीनों से नौकरी की आस है। उम्मीद है कि सीएम व चिकित्सा मंत्री की घोषणा के बाद जिम्मेदारों और तेजी से काम करेंगे। सरकार की इस पहल से बेरोजगारों की नौकरी का इंतजार पूरा होगा।
ज्योति कुमारी

Published on:
24 Feb 2024 12:42 pm