सीकर

सीएम भजनलाल ने शेखावाटी को दी 1277 करोड़ की सौगात, जनसभा स्थल से पहले पहुंचे खाटूश्यामजी धाम

सीएम भजनलाल शर्मा गुरुवार को सीकर दौरे पर रहे। सीएम सबसे पहले खाटूश्यामजी मंदिर पहुंचे और बाबा श्याम का आशीर्वाद लिया। इसके बाद सीधा जनसभा स्थल पहुंचे, जहां से शेखावटी क्षेत्र के लिए 1277 करोड़ की 83 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
3 min read
• •
Oct 01, 2026
CM Bhajan lal Sharma sikar
Sikar: जनसभा को संबोधित करते सीएम भजनलाल शर्मा (फोटो-पत्रिका)

सीकर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को शेखावाटी को 1277 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने फतेहपुर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का लाभ सीकर के साथ चूरू और झुंझुनूं जिलों को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री के दौरे की शुरुआत खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के दर्शन से हुई। इसके बाद उन्होंने फतेहपुर में जनसभा को संबोधित किया और लाभार्थियों से संवाद किया।

जनसभा से पहले पहुंचे खाटूश्यामजी धाम

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने सीकर दौरे की शुरुआत खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन-पूजन से की। वे मंदिर पहुंचे और बाबा श्याम के दरबार में धोक लगाई। सीएम ने प्रदेश में सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।

हेलिकॉप्टर से पहुंचे जालूंड

जयपुर से हेलिकॉप्टर के जरिए रवाना हुए मुख्यमंत्री सबसे पहले खाटूश्यामजी के जालूंड स्थित हेलीपैड पहुंचे। यहां भाजपा नेता गजानंद कुमावत सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर पहुंचे और बाबा श्याम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश में खुशहाली की कामना की और बाबा श्याम को छप्पन भोग भी चढ़ाया।

25 मिनट तक खाटूश्यामजी में रहे

मुख्यमंत्री करीब 25 मिनट तक खाटूश्यामजी में रुके। मंदिर में उन्होंने पहली लाइन में दर्शन किए। मंदिर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान और मौजूदा अध्यक्ष शक्ति सिंह ने उन्हें श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया। मंदिर कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को मोरपंख और बाबा श्याम की तस्वीर भी भेंट की गई। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री फतेहपुर के लिए रवाना हुए।

फतेहपुर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के फतेहपुर पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सभास्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को 51 किलो की बड़ी फूलमाला पहनाई। भाजपा नेता श्रवण चौधरी और नगर परिषद सभापति अंजू भिंडा ने मुख्यमंत्री को भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की।

मुख्यमंत्री फतेहपुर के चमड़िया कॉलेज में आयोजित जनसभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सीकर, चूरू और झुंझुनूं जिलों के 1277.07 करोड़ रुपए के 83 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

कांग्रेस पर सीएम का तंज- गणित कमजोर है, ट्यूशन लगवा लीजिए

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों की गणित कमजोर है और इसी वजह से वे पूरे देश में लगातार पिछड़ते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों को ट्यूशन लगवा लेना चाहिए, क्योंकि उनके पास मैथ्स के बहुत शिक्षक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान रोडवेज और बिजली विभाग जैसे विभाग अब प्रॉफिट में चल रहे हैं।

पंचायत चुनाव में वोट की अपील

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पंचायत चुनाव को लेकर भी कार्यकर्ताओं और जनता से अपील की। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया है। अब पंचायत चुनाव में भी इसी तरह बहुमत दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे ज्यादा विकास कार्य पंचायत और निकाय के माध्यम से ही होते हैं। ऐसे में पंचायत चुनाव में भी भाजपा को समर्थन देने की अपील की।

662 हवेलियों के संरक्षण का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने शेखावाटी की पहचान और यहां की ऐतिहासिक हवेलियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब वे शेखावाटी में आए तो यहां की हवेलियों को देखा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के जरिए नई बिल्डिंग तैयार की जा सकती है, लेकिन पुरानी हवेली दोबारा तैयार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि इसी को देखते हुए 662 हवेलियों के संरक्षण का प्लान बनाया गया है। हवेलियों के मालिकों से इन्हें हेरिटेज के रूप में विकसित करने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इसके लिए बजट देगी, ताकि शेखावाटी में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।

शेखावाटी को बताया वीरों की धरती

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शेखावाटी को वीरों और स्वाभिमान की धरती बताया। उन्होंने कहा कि यहां की हवेलियों की बनावट और वास्तुकला पूरी दुनिया में चर्चा का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी के लोग केवल भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वे राजस्थान से बाहर जाते हैं तो कहीं न कहीं पुलिस भर्ती या उद्योग से जुड़े शेखावाटी के लोगों से मुलाकात हो जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से मिलकर उन्हें बेहद खुशी होती है।

यमुना जल समझौते को लेकर कांग्रेस पर हमला

मुख्यमंत्री ने यमुना जल समझौते को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव से पहले कांग्रेस की ओर से जारी घोषणा पत्र में यह कहा गया था कि यदि वहां कांग्रेस की सरकार बनती है तो राजस्थान और हरियाणा के बीच यमुना जल को लेकर हुए समझौते को रद्द कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय वहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने लोगों की भी चिंता नहीं की।

Updated on:
01 Oct 2026 05:17 pm
Published on:
01 Oct 2026 03:47 pm
Also Read
View All
शेखावाटी समाचार: लोन न चुकाने पर फाइनेंस कंपनी ने मकान किया सील, ग्रामीणों ने ताला तोड़ पीड़ित परिवार को कराया प्रवेश

पत्रिका की मुहिम लाई रंग: सीकर स्टेशन का दूसरा एंट्री गेट शुरू, कोचिंग जोन के लाखों यात्रियों को सीधे स्टेशन में मिलेगा प्रवेश

नीमकाथाना: सेना के नायक देवेंद्र सिंह गुर्जर का हार्ट अटैक से निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

जयपुर ACB की सीकर में बड़ी कार्रवाई, कारखाना एवं बॉयलर्स का इंस्पेक्टर 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार

राजस्थान में सरकारी नौकरी का बदला ट्रेंड! कहीं इंजीनियर बने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, तो कहीं पुलिसकर्मी बने पटवारी; आखिर क्यों?