
सीकर/ चित्तौडगढ़़.
अपराधी के नाम जारी हुए वारंट की तामिल कराकर बाइक पर वापस लौट रहे कांस्टेबल को बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। इससे रानोली थाने के बराल निवासी कांस्टेबल प्रभातीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार दूसरा सिपाही रमेश की हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांस्टेबल प्रभातीलाल का शव देर रात उसके पैतृक गांव बराल पहुंचेगा। जानकारी के अनुसार बराल गांव का कांस्टेबल प्रभातीलाल बस्सी थाने में तैनात था। जो वारंट की तामील के लिए अपने सिपाही साथी रमेश के साथ बाइक पर निकला था। वापस लौटते समय उदयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पारसोली थाने की सीमा में सोमवार तडक़े बेकाबू ट्रक ने बाइक व ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक पलट गया।
इससे बाइक सवार सिपाही प्रभातीलाल (23) की मौत हो गई और रमेश घायल हो गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक भी घायल हो गया था। पारसोली पुलिस ने बताया कि सिपाही रमेश जालोर के लालजी की डूंगरी का निवासी है। दुर्घटना के बाद ट्रक भी पलट गया, जिसमें गेहूं के कट्टे भरे थे। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर ट्रॉली में बजरी भरी थी। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ दुर्घटना का मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश में जुट गई है। इधर, हादसे के बाद पुलिस अधीक्षक व पुलिसकर्मियों ने सिपाही को श्रद्धांजलि दी। हादसे की सूचना सिपाही प्रभातीलाल के परिजनों को दे दी गई है।