
सीकर.
कृषि उपज मंडी के सामने स्थित श्मशान घाट में रविवार को देवरानी और जेठानी के शवों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। दोनों की मौत एक सडक़ दुर्घटना में हो गई थी। इससे पहले गमगीन माहौल के बीच दोनों के शव गंवारियां बस्ती से श्मशान घाट लाए गए। जहां बस्ती के पार्षदों सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
वार्ड 25 के पार्षद अशोक चौधरी ने बताया कि बस्ती की सरोज पत्नी राजू व बरफो देवी पत्नी श्रीपाल गंवारियां फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करती थी। परिवार के बाकी लोगों के साथ ये दोनों देवरानी व जेठानी भी चूरू जिले में गई हुई थीं। कपड़े बेचकर ये लोग शाम को ऑटो में बैठकर घर आ रहे थे। रास्ते में पिकअप की टक्कर से इनका ऑटो पलट गया और इनमें सरोज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। जबकि बरफो देवी को घायल होने के बाद सुजानगढ़ अस्पताल में रैफर कर दिया गया था। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। दोनों के शव रविवार को सीकर लाए गए और एक ही चिता पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
आंखों के आगे छा गया अंधेरा
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और बस्ती के रोहिताश ने बताया कि ऑटो में चालक सहित कुल 11 लोग सवार थे। शाम को करीब सात बजे ये लोग कातर के पास पहुंचने ही वाले थे कि ऑवरटेक करते हुए एक पिकअप आई और ऑटो से भिड़ गई। ऑटो पलटते ही आंखों के आगे अंधेरा छा गया और घायलों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।