ईद के मुकद्दस मौके पर गले मिलकर दी मुबारकबाद

ईद का त्यौहार सोमवार को जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने एक दूसरें को मिठाई बांटी।
less than 1 minute read
• •
Updated: 27 Jun 2017, 11:10 AM IST
Feature image

ईदुल-फितर का त्यौहार सोमवार को जिलेभर में हर्षोंल्लास के साथ मनाया गया। मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा कर वतन में अमन चैन व भाईचारे की दुआ मांगी गई। सीकर शहर में मुख्य नमाज ईदगाह चौक स्थित जामा मस्जिद में अदा की गई। हालांकि इस दौरान कुछ नमाजियों ने काली पट्टी बांधकर हरियाणाा में रोजेदारों पर हुए कातिलाना हमले का विरोध भी जताया। जामा मस्जिद के इमाम हाजी हाफिज मोहम्मद इब्राहिम ने मस्जिद में खुतबा पढ़ा और जकात के बारे में नमाजियों को अवगत कराया। दुश्मनी और नफरत का माहौल खत्म कर आपस में मोहब्बत व इंसानियत से जीने का हक अदा कर एक दूसरे की मदद करने की बात कही।

नमाज अदा होने के बाद सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाइयां दी। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों में कलक्टर नरेश कुमार ठकराल, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, एएसपी तेजपाल सिंह, शहर विधायक रतन जलधारी, पूर्व मंत्री राजेंद्र पारीक, सुभाष महरिया, सभापति जीवण खां, पूर्व विधायक अमराराम, पूर्व जिला प्रमुख रीटा सिंह, वाहिद चौहान, पार्षद चांद खां मुगल, प्रेम सैनी, शाकिर भारती आदि उपस्थित रहे।

Read:

विरोध में बांधी काली पट्टी...

नमाज से पहले गत दिनों हरियाणा के बल्लभगढ़ पलवल के असावटी रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में रोजेदारों के साथ हुई चाकूबाजी की घटना पर प्रदर्शन किया गया। विरोध में कई नमाजियों ने काली पट्टी बांधकर नमाज पढ़ी। प्रदर्शनकर्ता मोहम्मद शाहिद का कहना था कि गुंडागर्दी के नाम पर निर्दोष लोगों की बलि ली जा रही है।

घर-घर बनी सेवईयां

ईद के मौके पर दिनभर बधाइयों का दौर चलता रहा। देर रात तक लोग जश्न में डूबे रहे। घर-घर खीर, खुरमा व सिवइयां बनती रही।

Published on: