सीकर

पूरा किराया देने के बाद भी चलना पड़ता दो किलोमीटर

खाचरियावस में सवारियों को बाईपास पर उतार देती हैं बसें, आरटीओ भी नहीं दे रहे ध्यान
less than 1 minute read
Apr 24, 2019
sikar hindi news
पूरा किराया देने के बाद भी चलना पड़ता दो किलोमीटर

खाचरियावास. कस्बे में एक बार फिर बसों का संचालन कम होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। कस्बे के प्रताप सिंह खाचरियावास के परिवहन मंत्री बनने के बाद बसों का संचालन शुरू हो गया था, लेकिन धीरे-धीरे कई बसों के चालक बसों को टिलाधाम बायपास से लेकर चले जाते हैं। बसे कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर नहीं आती जिससे लोगों को बाइपास से दो किमी पैदल चलकर गांव आना पड़ता है। पोस्ट ऑफिस में रोजाना ड्यूटी पर आने वाले स्टाफ ने बताया की रताऊ से जयपुर चलने वाली बस रोजाना टिला धाम बाइपास पर ही उतार देती हैै।
रोजाना मुख्य बस स्टैंड पर बसों के इंतजार में यात्री बैठे रहते हैं। रोजाना आधा दर्जन बसें बाइपास से चली जाती हैं। जायल, रताऊ, डीडवाना, मौलासर, लोसल, कुचामन,से जयपुर सीकर चलने वाली सभी निजी बसों का परमिट खाचरियावास के मुख्य बस स्टैंड का है। ग्रामीणों ने बार-बार परिवहन विभाग को अवगत करवाया लेकिन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।

ग्रामीण राजेश जैन ने बताया कि जल्द ही परिवहन मंत्री से ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल मिलकर परिवहन विभाग की शिकायत भी करेगा। बसों के संचालन को लेकर रास्ता संकरा होने पर सडक़ के दोनों तरफ भामाशाहों ने 15 फीट तक अपनी जमीन देकर तीस फीट तक रास्ता भी चौड़ा करवाया गया है जहां पर निर्माण भी शुरू है। हाल ही में मंत्री के पिता लक्ष्मण सिंह शेखावत ने भी रास्ता चौड़ा करने के लिए अपनी जमीन दी थी। लगभग 55 फीट रास्ता होने के बाद भी बसों का संचालन नहीं होने से ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया।

Published on:
24 Apr 2019 06:44 pm