
सीकर .
सीकर में चार बच्चों की मिट्टी में दबने से हुई मौत का एकमात्र चश्मदीद गवाह भी एक बच्चा ही है। यह बच्चा भी उन चार बच्चों के साथ खेल रहा था, मगर खाना खाने के लिए चला गया और वापस आया तो चारों बच्चे मिट्टी में दफन हो चुके थे। चश्मदीद गवाह बच्चे 10 वर्षीय महेन्द्र ने यूं सुनाई खौफनाक दास्तां...
''दोपहर का समय था। हम सब घर के नजदीक वन विभाग की जमीन में तारबंदी के लिए खोदी गई खाई में खेल रहे थे। इस दौरान मुझे भूख लग आई तो मैं घर आया गया। खाना खाने के कुछ देर बाद वापस खाई की तरफ गया तो मुझे वहां पर राहुल, अभिषेक, महेश व संजय दिखाई नहीं दिए।
मैं खाई में ही चला गया तो मुझे मिट्टी में उनके पैर दबे हुए दिखे। मैं घबरा गया और रोने लगा। रोना सुनकर चचेरी बहन काजल वहां आ गई। काजल और मैं दौड़कर घर गए। वहां परिजनों को बताया कि वो चारों मिट्टी में दब गए। परिजन तुरंत वहां आए और सभी को निकलाने में जुट गए। बाद में पता चला कि उन चारों की मौत हो गई।''
लम्बी व गहरी है खाई
सीकर बीड़ में देव गैस गोदाम के पास वन विभाग ने कई किलोमीटर लम्बी खाई खोद रखी है, जो करीब सात-आठ फीट गहरी है। वैसे बच्चे जिस जगह दबे वहां पर मिट्टी ज्यादा नहीं ढही थी। फिर भी उनकी मौत हो गई।