सीकर

फतेहपुर SHO-कांस्टेबल हत्या प्रकरण में पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, एक और इनामी बदमाश हुआ गिरफ्तार

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Oct 17, 2018
Feature image

सीकर।

फतेहपुर के इंस्पेक्टर मुकेश कानूनगो और कांस्टेबल रामप्रकाश के हत्यारों को पकडऩे में अब जयपुर कमिश्नरेट टीम ने भी अहम सफलता हासिल की है। कमिश्नरेट की एक टीम ने इनामी बदमाश को चित्तौडग़ढ़ से सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया, जिसे मंगलवार को सीकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

एडिश्नल कमिश्नर नितिनदीप ब्लग्गन ने बताया कि फरार दो बदमाशों में से एक बदमाश की जानकारी हमारी तकनीकी टीम को मिली तो टीम ने उसे रात को चित्तौडग़ढ़ से पकड़ लिया। पकड़ा गया आरोपी बदमाश अनिल पांडिया है जो 20 हजार रुपए का इनामी बदमाश है।

सीकर जिले के फतेहपुर में हुई गैंगवार मामले में मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। इस दौरान कोर्ट ने आरोपियों को सजा सुनाते हुए सात दिन के रिमांड पर भेजा था। अजय चौधरी और जगदीप उर्फ धनकड़ 7 दिन के पुलिस रिमांड पर, आरोपी रामपाल और आमिर को जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस को मंगलवार रात एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है, जिसमें कमिश्नरेट की एक टीम ने बीस हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है।


ये हुआ था पूरा मामला...

फतेहपुर में छह अक्टूबर की रात को बदमाश अशोक चौधरी और उसके साथियों का पीछा कर रहे एसएचओ मुकेश कानूनगो और कांस्टेबल रामप्रकाश की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद से पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। फतेहपुर इलाके के बेसवा गांव के पास छह अक्टूबर की रात बदमाशों ने फतेहपुर थानाधिकारी मुकेश कानूनगो और कांस्टेबल रामप्रकाश को गोली मार दी। गोली कानूनगो के गले और कांस्टेबल के सीने में लगी थी। इस दौरान दोनों की फायरिंग में मौत हो गई थी।

इस दौरान प्रदेश की करीब बीस पुलिस की टीम अलग अलग जगह आरोपियों की तलाश कर रही थी। वहीं बदमाशों को एटीएस, सीकर, झुंझुनूं पुलिस के साथ महाराष्ट्र एटीएस और मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने इन बदमाशों पर इनामी घोषणा भी कर दी थी। वहीं आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्त में लेने के बाद मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए आरोपियों को सात दिन के पुलिस रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Published on:
17 Oct 2018 05:05 pm