सीकर

राजस्थान पुलिस को देखते ही गोली मार देता है यह बदमाश, पिस्टल के साथ खिंचवाता है फोटो

https://www.patrika.com/sikar-news/
2 min read
Jul 05, 2018
rajasthan police
sikar police news

सीकर. गत माह खंडेला से जीप लूटने के मामले में बुधवार रात को पकड़ा गया शातिर बदमाश सुभाष राजपुरा बेहद खतरनाक है। यह राजस्थान पुलिस को देख उससे डरने की बजाय सीधा फायर कर डालता है।

दरअसल हुआ यूं कि बुधवार रात को राजस्थान के सीकर जिले की रानोली थाना पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का आरोपित सुभाष गांव राजपुरा के पास शराब के एक ठेेके पर बैठा है। वहां अपने एक साथी के साथ बैठा शराब पी रहा है।

इस पर रानोली पुलिस थाने के हैडकांस्टेबल सांवताराम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी सुभाष वहां शराब पीता हुआ मिला। लेकिन, जैसे ही उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस उसकी तरफ पहुंची तो वह भागने लगा। पुलिस ने जब उसका पीछा किया तो आरोपी ने पलटकर हैड कांस्टेबल सांवतराम पर देशी कट्टे से दो फायर किए।

इसमें एक गोली सांवताराम के पेट के पास पंसलियों में लगी। गोली लगने के बाद भी सांवताराम आरोपी के पीछे दौड़ता रहा। लेकिन, खून बहने से वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद बाकी के पुलिसकर्मियों उसे घायल अवस्था में पलसाना अस्पताल पहुंचे।

यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे जयपुर रैफर कर दिया गया। इधर, गांव चला के पास नाकाबंदी करके आरोपित सुभाष को पकड़ लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक डा. तेजपाल सिंह व सीओ ग्रामीण अयूब खान कोबरा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को रानोली थाने लाए।

एसएचओ के भी लगी थी गोली

आरोपी सुभाष को पकडऩे के लिए एक बार पहले भी पुलिस ने प्रयास किया था। लेकिन, इस दौरान गिरफ्तारी की जल्दबाजी में एक कांस्टेबल की बंदूक से दो फायर हो गए थे। जिसमें एक गोली रानोली के पूर्व एसएचओ अरविंद सिंह के हाथ पर लग गई थी। हालांकि पुलिस ने आरोपी सुभाष को उस दौरान भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन, इसके बाद वह जमानत पर छूट गया था।

शातिर है अपराधी
पुलिस के अनुसार पकड़ में आया आदतन चोर सुभाष शातिर का है। इस पर रानोली सहित सीकर जिले के कई पुलिस थानों में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि चूरू टोलबूथ पर फायरिंग करने एवं राजपूरा की एक सूनी हवेली में चोरी करने में भी इसका हाथ होने की सम्भावना है।


फिलहाल कांस्टेबल की हालत ठीक
एसपी विनीत कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी सुभाष खर्रा को गिरफ्तार कर लिया है। गोली लगने के बाद भी हैड कांस्टेबल ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी का पीछ़ा नहीं छोड़ा। सुभाष से पूछताछ की जा रही है।

चालक को बांधकर चुरा ले गया था जीप
गत 27 जून को दूल्हेपुरा का विक्रम धोबी खंडेला स्टेंड पर जीप खड़ी कर ग्राहक का इंतजार कर रहा था। शाम को अंधेरा होने पर आरोपी सुभाष अपने एक साथी को लेकर विक्रम की जीप किराए पर कर उसे राजपुरा ले गया था। बाद में जीप लूट ली।

Published on:
05 Jul 2018 12:19 pm