पत्रिका ने उठाया था मामला
शिक्षकों की पदोन्नति की राहें आखिरकार अब खुल गई है। सरकार ने राज्य एवं अधीनस्थ शैक्षिक नियम 2021 में संशोधन पर मुहर लगा दी है। इससे 50 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का तोहफा मिल सकेगा। शिक्षकों का कहना है कि पदोन्नति होने से सरकार स्कूलों को नए व्याख्याता भी मिल सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को भी फायदा मिलेगा। नियम संशोधन के बाद से शिक्षकों की ओर से कई मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा था। पत्रिका ने भी पदोन्नति की अटकी राहों को लेकर लगातार समाचार प्रकाशित किए। इसके बाद सरकार ने केबिनेट की बैठक में प्रस्तावों पर मुहर लगाई है। इधर, नियमों में संशोधन के बाद प्रदेश के दिव्यांग विद्यार्थियों को हक मिल सकेगा। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब तक व्याख्याता विशेष शिक्षा का पद सृजित नहीं था। केबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव पर भी मंजूर लग गई है। राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा ने बताया कि शिक्षा सेवा नियम 2021 में संशोधन के बाद व्याख्याता (विशेष शिक्षा) नव पद सृजन कर राहत दी गई है। इससे वरिष्ठ अध्यापक विशेष शिक्षा के शिक्षकों को समय पर पदोन्नति मिल सकेगी। वहीं विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए सीधी भती के जरिए व्याख्याता भी मिल सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकारी स्कूलों में व्याख्याता विशेष शिक्षा का पद नहीं होने से नामांकन भी घट रहा था। अब विषयों की पढ़ाई के लिए दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षक मिल सकेंगे। उन्होंने बताया कि आधे पद पदोन्नति से भरे जाएंगे और आधे पद सीधी भर्ती के जरिए।