सीकर

Sikar : ‘सरकार घबराई हुई है इसलिए निर्दलीय प्रत्याशियों को उठा रही है’, डोटासरा ने साधा BJP पर निशाना

Sikar : पीसीसी चीफ व लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार घबराई हुई है और निर्दलीय प्रत्याशियों को उठाने तथा कांग्रेस प्रत्याशियों को प्रलोभन देने में लगी हुई है।
3 min read
Sep 13, 2026
govind singh dotasra targets bjp government pick up independent candidates
Sikar : पोसानी में विकास कार्यों का लोकार्पण करते लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा। फोटो पत्रिका

Sikar : पीसीसी चीफ व लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने समारोह को संबोधित करते हुए अपने कार्यकाल में कराए विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार घबराई हुई है और निर्दलीय प्रत्याशियों को उठाने तथा कांग्रेस प्रत्याशियों को प्रलोभन देने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने लोगों पर ही विश्वास नहीं है। कोलीड़ा के पोसानी गांव में रविवार को विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ।

पीसीसी चीफ एवं लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने गंदे पानी की निकासी के लिए सीसी सड़क, फागेड़ियों की ढाणी में यात्री स्टैंड, मोक्षधाम की चारदीवारी, पोसानी से रामचंद्र का बास तक नवीन सड़क तथा पोसानी से सुजान सिंह व लक्ष्मणराम की ढाणी तक सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी सरकार को मैनेज करने पर ध्यान देना चाहिए और जनता को अपना फैसला करने देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कोई भी वर्ग सरकार से खुश नहीं है। अपराध बढ़ रहे हैं, स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, सड़कें बदहाल हैं, बिजली की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही तथा बेरोजगार, रोजगार के लिए परेशान हैं।

Sikar : कोलीड़ा के पोसानी गांव में स्टेज पर बैठे लोग। फोटो पत्रिका

राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई कर रही है सरकार - अमराराम

कार्यक्रम में सांसद अमराराम ने कहा कि सीकर जिले के छह विधानसभा क्षेत्र आज भी पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। जल जीवन मिशन जैसी बड़ी योजना के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार केवल भजनों से पानी पिलाकर काम चलाना चाहती है।

अमराराम ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार बदले और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आम आदमी को लूटकर बड़ी कंपनियों को मालामाल कर रही है तथा विकास के नाम पर विनाश किया जा रहा है। उन्होंने पंचायत चुनाव में सरकार की कार्रवाइयों का ब्याज सहित जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपने हक और अधिकार की लड़ाई के लिए सभी को तैयार रहना होगा। अमराराम ने गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चारदीवारी तथा स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पूरी करने की घोषणा भी की।

‘यार मुकंदो तो इयां ई घूमेलौ…’

पोसानी में आयोजित कार्यक्रम में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा अपने चिर-परिचित अंदाज में खूब तंज कसते नजर आए। यमुना जल परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर कटाक्ष किया। डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि यमुना का पानी ले आएंगे, इसलिए उन्हें ‘भागीरथ’ बना दिया जाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘अठै तो हर गांव में च्यार-पांच भागीरथ हीं।’ उन्होंने कहा, ‘भजनलाल नाम घणो ई फूटरो है। तकदीर भी घणी ई जोरकी है, पर्ची सूं मुख्यमंत्री बनगा, फेर भागीरथ क्यूं बननो चावो हो?’

‘लक्ष्मणगढ़ एससी आरक्षित हुआ तो कांग्रेस का विधायक बनाएंगे’

परिसीमन को लेकर चल रही चर्चाओं पर डोटासरा ने कहा कि भाजपा के लोग कह रहे हैं कि ‘अबकै डोटासरा ने डाट द् यांगा।’ वे यह भी कह रहे हैं कि परिसीमन में लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र को एससी के लिए आरक्षित करवा देंगे। डोटासरा ने कहा कि बाबा साहेब के संविधान में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षण की व्यवस्था है। यदि परिसीमन में लक्ष्मणगढ़ सीट एससी के लिए आरक्षित होती है तो कांग्रेस अनुसूचित जाति वर्ग के व्यक्ति को विधायक बनाकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि लक्ष्मणगढ़ का विकास किसी भी स्थिति में नहीं रुकेगा।

Updated on:
13 Sept 2026 07:46 pm
Published on:
13 Sept 2026 07:46 pm