13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur : ‘फिर पिता को क्यों छोड़ दिया’, जयपुर हत्याकांड में मृतका के भाइयों ने उठाए सवाल

Jaipur Murder Case : जयपुर के कालवाड़ रोड स्थित गोविंद वाटिका में हुए जघन्य हत्याकांड के बाद मृतका गीता के भाइयों ने एक बड़ा सवाल उठाया कि 'पत्नी-बच्चों की हत्या कर दी, पिता को क्यों छोड़ दिया?'
2 min read
Google source verification
jaipur murder case update deceased woman brothers raised several questions

jaipur : गुजरात से आए मृतका के गमगीन भाई। फोटो पत्रिका

Jaipur Murder Case : जयपुर के कालवाड़ रोड स्थित गोविंद वाटिका में एक ही साथ 4 जिंदगी खत्म होने से हर आंख नम हैं। मृतका गीता के पीहरवाले पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और हत्या की असली वजह सामने लाने की मांग कर रहे हैं। पड़ोसियों का कहना है कि, वह यहां सात साल से रह रहे हैं, लेकिन कभी ऐसा नहीं लगा कि इनके बीच मारपीट या गृहक्लेश चल रहा है। इसी बीच गीता के भाइयों ने एक बड़ा सवाल उठाया कि आरोपी राहुल ने 'पत्नी-बच्चों की हत्या कर दी, पर पिता को क्यों छोड़ दिया?'

जघन्य हत्याकांड के बारे में जानकरी के बाद गुजरात से आए जयपुर आए गीता के भाई जगदीश, पीयूष, ललित, सतीश और नितिन शर्मा ने इस सामूहिक हत्याकांड पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

1- संदिग्ध भूमिका

परिजन का कहना है कि आरोपी राहुल झा ने वारदात की रात अचानक अपने पिता को कमरे के बजाय हॉल में सुलाया और हत्याओं के बाद उन्हें चाय भी पिलाई। जब पत्नी और तीनों बेटियों की हत्या कर दी, तो पिता को क्यों छोड़ दिया?

2- कर्ज का तर्क खारिज

मृतका के भाइयों के अनुसार आरोपी पर कर्ज जरूर था, लेकिन उसके पास तीन प्लॉट व एक मकान हैं जिन्हें बेचकर कर्ज चुकाया जा सकता था।

3- आखिरी बातचीत

10 सितंबर को नातिन नंदिनी ने नानी केतकी को वीडियो कॉल कर 'बाद में बात करने' को कहा था। गीता ने भी वीडियो कॉल किया और कहा कि खाना खाने के बाद फोन करती हूं। लेकिन बाद में किसी ने कॉल नहीं किया।

4- अचानक गुजरात दौरा

वारदात से पांच दिन पहले आरोपी राहुल अकेले गुजरात आया था, वह काफी गुमसुम था और साड़ी देकर तुरंत लौट आया था।

23 वर्ष पूर्व हुई थी शादी

23 वर्ष पूर्व शादी के बंधन में बंधी गीता के ससुराल में प्रताड़ित किए जाने का भी परिजन आरोप लगा रहे हैं। पीहर पक्ष राहुल के भाई और अन्य परिजनों से आरोपी को पेश करवाने की मांग करता रहा। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने आरोपी की सूचना देने पर 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की।

पीहर पक्ष के बयान होंगे

पुलिस गुजरात से पहुंचे गीता के पीहर पक्ष के सदस्यों के बयान दर्ज करेगी। उनसे गीता, राहुल और तीनों बेटियों के पारिवारिक संबंधों तथा हाल के घटनाक्रम की जानकारी ली जाएगी।

परिचित-दोस्तों से चल रही है पूछताछ

पुलिस की टीमों की ओर से परिचित-दोस्तों से भी आरोपी राहुल के बारे में पूछताछ की गई है। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेजों के आधार पर कुछ गाड़ियों को संदिग्ध मानकर उसमें राहुल के बैठकर फरार होने को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से आरोपी राहुल के मोबाइल नंबर की सीडीआर निकलवाई गई। पुलिस ने पत्नी और तीनों बेटियों के मोबाइल को जब्त किया है। जिसे अनलॉक करवाने के लिए FSL भेजा जाएगा।