
Jaipur Nagar Nigam : प्रतीकात्मक फाइल फोटो पत्रिका
Jaipur Nagar Nigam : राजस्थान में नगर निगम जयपुर चुनाव में वार्ड संख्या 62 के 23 खंड में पुनर्मतदान शांतिपूर्वक जारी हैं। पूर्वाह्न 11 बजे तक 40 प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका है। निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 7 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुनर्मतदान शांतिपूर्वक शुरू हुआ और पूर्वाह्न 11 बजे तक 40.37 प्रतिशत मतदान हुआ। पुनर्मतदान सायं 6 बजे तक चलेगा। जिसमें 567 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इनमें 306 पुरुष मतदाता और 281 महिला मतदाता शामिल हैं। शुक्रवार को इस मतदान केन्द्र पर मतदान के दौरान मतदाता सूची की विलोपन सूची में अंकित 110 मतदाताओं के मतदान करने के कारण यहां पुनर्मतदान कराया जा रहा है।
दरअसल, इस मतदान केंद्र पर विलोपन सूची में दर्ज 110 मतदाताओं ने भी वोट डाल दिया। ये वो मतदाताओं थे, जिनका नाम परिसीमन के बाद मतदाता सूची से हटा दिया गया। इन लोगों के वोट पड़ने से मतदान की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा हुआ। जयपुर जिला निर्वाचन अधिकारी (निकाय) एवं जिला कलक्टर सन्देश नायक ने कहा कि जांच में जो भी जिम्मेदार होगा, उस पर कार्यवाही की जाएगी। नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 62 के भाग संख्या 23 के मतदान केंद्र राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कमरा नंबर 4, टीला वाला, सांगानेर पर रविवार, 13 सितंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक पुनर्मतदान कराया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (निकाय) एवं जिला कलक्टर सन्देश नायक ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 11 सितंबर को उक्त मतदान केंद्र पर घटित घटना के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित होने तथा चुनाव की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता पर प्रभाव पड़ने के मद्देनजर पूर्व में हुए मतदान को शून्य घोषित कर पुनर्मतदान के निर्देश पर यह पुनर्मतदान करवाया जा रहा है।
पुनर्मतदान में केवल उक्त मतदान केंद्र के लिए अधिकृत मतदाता ही मतदान कर सकेंगे। पूर्व मतदान में लगाई गई अमिट स्याही के निशान की उपेक्षा की जाएगी। पुनर्मतदान के दौरान मतदाता के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। मतदान में पूर्व में प्रयुक्त मतपत्र/निविदत्त मतपत्र के स्थान पर नए मतपत्रों का उपयोग किया जाएगा।
नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के अंतर्गत जयपुर जिले में 2 चरणों में हुए निकाय चुनाव की मतगणना सोमवार 14 सितंबर, 2026 को प्रातः 8 बजे से श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी म्युनिसिपल और कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि मतगणना की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। सभी मतदान कार्मिकों को पूर्ण तैयारी के साथ प्रातः 7 बजे मतगणना केंद्र में पहुंचने के निर्देश प्रदान किए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना केंद्र पर अधिकृत प्रवेश पत्र धारी को ही प्रवेश दिया जाएगा। यहां तक की काउंटिंग एजेंट को भी बिना अधिकृत प्रवेश पत्र के प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना वार्ड वार एवं आरो वार होगी। थोड़े-थोड़े अंतराल में 15-15 वार्डाें का परिणाम एक साथ आएगा। मतगणना का परिणाम उस वार्ड के बूथों की संख्या पर निर्भर करेगा। कम बूथों वाले वार्ड का परिणाम पहले एवं अधिक बूथों वाले वार्ड का परिणाम कुछ समय उपरांत आएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों को शुभकामना प्रेषित करते हुए इस पुण्य कार्य को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न करने के निर्देश प्रदान किए हैं।
Updated on:
13 Sept 2026 03:37 pm
Published on:
13 Sept 2026 03:21 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
