
Jaipur Murder case: मृतक बेटियां और आरोपी पति के साथ मृतका पत्नी (फाइल फोटो-पत्रिका)
जयपुर। करधनी के गोविंद वाटिका में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर फरार हुए राहुल को पुलिस ने सीकर के रींगस इलाके से पकड़ा। करधनी थाना पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस आरोपी को जयपुर लाकर पूछताछ कर रही है।
अब पुलिस इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है। आखिर राहुल ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या क्यों की? पुलिस पूछताछ में इस पूरे हत्याकांड की कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने आरोपी की सूचना देने वाले को 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की थी।
पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गोविंद वाटिका स्थित मकान में महिला और तीन बेटियों की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को गीता झा (40), नंदिनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) के खून से लथपथ शव मिले थे।
गीता का शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिला था, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले। पुलिस को घर से राहुल के खून से सने कपड़े भी मिले थे। उसका मोबाइल फोन भी घर पर ही मिला, जो स्विच ऑफ था। वारदात के बाद से राहुल फरार था।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मां और तीनों बेटियों की मौत का कारण सिर में गंभीर चोट लगना सामने आया है। पुलिस ने बताया कि आरोप है कि चारों के सिर सीमेंट की ईंट से कुचले गए थे।
गुजरात से पहुंचे गीता के भाई जगदीश, पीयूष, ललित, सतीश और नितिन शर्मा ने सामूहिक हत्याकांड को लेकर कई सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि वारदात वाली रात राहुल ने अचानक अपने पिता को कमरे के बजाय हॉल में सुलाया था। हत्या के बाद उसने पिता को चाय भी पिलाई। परिजनों ने सवाल उठाया कि यदि राहुल ने पत्नी और तीनों बेटियों की हत्या की तो उसने अपने पिता को क्यों छोड़ दिया?
मृतका के भाइयों के मुताबिक, राहुल पर कर्ज जरूर था, लेकिन उसके पास तीन प्लॉट और एक मकान भी हैं। परिजनों का कहना है कि संपत्तियां बेचकर कर्ज चुकाया जा सकता था। ऐसे में केवल कर्ज को हत्या की वजह मानना उचित नहीं है। 10 सितंबर को नंदिनी ने अपनी नानी केतकी से वीडियो कॉल पर बात की थी। उसने बाद में बात करने की बात कही थी। इसके बाद गीता ने भी वीडियो कॉल कर कहा था कि खाना खाने के बाद फोन करेगी, लेकिन इसके बाद किसी की बात नहीं हो सकी।
Updated on:
13 Sept 2026 06:02 pm
Published on:
13 Sept 2026 06:02 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
