सीकर

समाज के लोगो ने समझा इस परिवार का दर्द, अब जारी रहेगी लाडो की पढ़ाई

ग्राम पंचायत बावड़ी की मण्डुस्या वाली ढाणी में गरीब परिवार की बेटी सुमन वर्मा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगी।
2 min read
• •
Updated: 17 May 2018, 10:54 AM IST
sikar

बावड़ी. ग्राम पंचायत बावड़ी की मण्डुस्या वाली ढाणी में गरीब परिवार की बेटी सुमन वर्मा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगी। 11 मई को राजस्थान पत्रिका में बेटी सुमन की व्यथा प्रकाशित होने के बाद रींगस, धीरजपुरा, भोपतपुरा, बीसावाली ढाणी के एससी व एसटी समाज के लोगों की टीम परिवार की बेटी व मां की मदद के लिए पहुंचे। समाज के पंकज पालीवाल ने कहा कि बेटी की पढ़ाई के लिए वाहन, कॉलेज की शिक्षा, कोचिंग समेत अन्य खर्चा वह स्वयं उठाएंगे। धीरजपुरा के गोपाल गुरावा ने सुमन की कच्ची झोपड़ी में बिजली कनेक्शन लगवाने की बात कही।

पंतजलि योग पीठ समिति हरिद्वार जिला प्रभारी शिवलाल पालीवाल व मनवतावादी जिला संयोजक फूलचन्द लेखरा, एससी/एसटी खण्डेला सचिव प्रेम देवी चावला ने बेटी सुमन को हर संभव मदद देने की बात कही। बेटी को डॉ. भीमराव अम्बेडकर बाबा साहब की स्मृति चिह्न दिया गया। इस मौके पर डॉ भीमराव अम्बेडकर विकास समिति बावड़ी अध्यक्ष रमेश कुमार वर्मा, बाबूलाल वर्मा, बुद्वराम वर्मा, सहित अन्य समाज के लोग उपस्थित थे। गौरतलब है कि सुमन के पिता गिरधारी लाल वर्मा आठ माह पूर्व मौत हो जाने से बेटी सुमन को बीच में ही पढ़ाई छोडऩी पड़ी थी।

सामुदायिक भवन में चल रहा निजी स्कूल
रोलसाबसर. रोलसाहबसर गांव के सामुदायिक भवन में निजी स्कूल चल रहा है। बिना पंचायत की अनुमति के ही महेश नामक स्कूल चला रहा है। ग्रामीणों ने स्कूल संचालक के खिलाफ संभागीय आयुक्त को शिकायत भेजी थी। इसके बाद सरकार ने ग्राम सेवक से मामले की जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाई जाने पर पंचायत को सामुदायिक भवन खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं। सामुदायिक भवन को राजपूत समाज के कुछ लोगों ने महेश नामक व्यक्ति को निजी शिक्षण संस्थान संचालन करने हेतु किराए पर दे दिया। इधर ग्राम पंचायत की सरपंच शबनम बानो ने बताया कि स्कूल संचालक को सामुदायिक भवन खाली करने के निर्देश दे दिए हैं।

Published on: