सीकर

यहां जनता बेबस, प्रशासन को पता ही नहीं

बिना नाली के रास्तों में गंदा पानी, पलसाना में ग्राम पंचायत नहीं दे रही ध्यान
2 min read
Dec 24, 2018
sikar news
यहां जनता बेबस, प्रशासन को पता ही नहीं

पलसाना. कस्बे में इन दिनों ग्राम पंचायत की उदासीनता का आलम ये है कि गली मौहल्लों में निकासी के अभाव में गंदा पानी आम रास्तों में भरा हुआ है। वहीं जगह जगह कचरे के ढेर लगे हुए है, जिससे लोग परेशान हो रहे हैं। लोगों ने बताया कि सरपंच को बार बार अवगत करवाने के बावजूद भी सरपंच गंभीर नहीं है। गोवटी रोड, गुलाब नगर, स्टेशन रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग व छोटा पाना कोटडी में ग्राम पंचायत की ओर से आधी अधूरी नालियां बनाई गई है। नालियों का निकास कस्बे के बाहर तक नही होने से गंदा पानी जहां नालियां पूरी होती है वहां सडक़ पर ही फैल रहा है। जिससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी इन नालियों के सहारे घरों से निकलकर सडक़ पर आकर जमा हो रहा है। ऐसे में इन रास्तों से लोगों को एक ओर आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गंदगी से बीमारियां पनपने का
अंदेशा है।

कचरे का निस्तारण नहीं होने से लगे ढेर
ग्राम पंचायत कचरे के निस्तारण को लेकर भी गंभीर नही है। बीस हजार से ज्यादा की आबादी वाले कस्बे में कचरे के निस्तारण को लेकर ग्राम पंचायत की ओर से कोई प्रबंधन नहीं किया जा रहा है। ऐसे में लोग चाहे जहां यहां वहां कचरा डालकर गंदगी फैला रहे हैं। लेकिन ग्राम पंचायत ना तो इधर उधर कचरा डालने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई कर रही है और ना ही कचरे को हटाने को लेकर कोई प्रबंधन कर रही है। ऐसे में सरकारी अस्पताल, सरकारी स्कूल, पुरानी बालिका स्कूल, कृषि मंडी, रामलीला मैदान आदि जगहों पर आम रास्तों में ही जगह जगह कचरे का ढेर लगे हुए है।
जहां दिनभर आवारा पशु मुंह मारते रहते है।

इनका कहना है...
मैंने अभी पदभार ग्रहण किया ही है पहली बैठक हुई है। जल्द ही जहां पर नालियों का निमार्ण अधूरा है वहां पर नालियों का पूर्ण निर्माण करवाकर समस्या समाधान करवाएंगे।
देवेन्द्र कुमार जांगिड़, ग्राम विकास अधिकारी, पलसाना

Published on:
24 Dec 2018 06:28 pm