
नीमकाथाना. शहर में बुधवार शाम को सुभाष मंडी आरओबी के नीचे डंफर की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि उसके दो साथी गंभीर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा मृतक के शव को चीरघर में रखवाया गया। एक घायल को जयपुर रैफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार वार्ड 7 निवासी बबलू कुरेशी, सिरोही निवासी शाहरुख व चौकड़ी निवासी शकील तीनों शाम को औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में काम कर घर लौट रहे थे। सुभाष मंडी आरओबी के पास ब्रिज के ऊपर से तेज गति से आ रहे डंफर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बबलू की मौके पर ही मौत हो गई तथा शाहरुख व शकील गंंभीर घायल हो गए।
कोतवाली श्रीराम मय जाप्ते के घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को निजी वाहन से राजकीय कपिल अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। इस भीषण हादसे में बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक बबलू के पास हेलमेट होने के बावजूद भी सर टायर के नीचे आने से उसके परखच्चे उड़ गए। मृतक की पत्नी इस समय अपने पीहर जयपुर में है और उसे दुर्घटना की जानकारी नहीं है। बबलू के पास साधन नहीं होने से शाहरुख व शकील बाइक से घर छोडऩे के लिए आ रहे थे। बाइक सिरोही निवासी शाहरुख की थी। मृतक सहित तीनों युवक फैक्ट्री में काम करते हैं। बबलू को शाहरुख कई बार बाइक से घर छोडऩे के लिए आता था।
तीन माह पहले ही हुई थी बबलू की शादी
मृतक बबलू की तीन माह पहले जयपुर निवासी रेशमा बानो के साथ शादी हुई थी। वह दो दिन पहले ही अपनी पीहर जयपुर गई थी। मृतक के एक भाई व दो बहनें है। माता-पिता छोटे छोटे को ही छोड़ कर दुनिया से अलविदा हो गए थे। मृतक ही मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। मृतक बबलू शुरू से ही विदेश रहता था। परिजन उसको शादी के लिए दुबई से घर बुला लिए थे। तीन माह पहले मृतक की शादी होने के बाद उसके कर्जा ज्यादा होने से वह वापस दुबई जाने का प्लान बना रहा था।