Weather Update : मौसम विभाग के अनुसार शेखावाटी में उत्तरी सर्द हवाओं ने ठिठुराया। वहीं कोटा में 3 दिन में अभी पारा और लुढ़केगा। बुधवार को कोटा शहर की विजिबिलिटी 700 मीटर हो गई थी।
Weather Update : बारिश के रुकते ही सीकर में सर्द हवाओं ने जोर पकड़ लिया है। सर्द हवाओं के ठिठुरन बढ़ गई वहीं कई स्थानों पर दिनभर आंशिक कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार चौबीस घंटे के दौरान मौसम के तेवर बिगड़े रहने के आसार है। एक दिसम्बर से मौसम शुष्क हो जाएगा। इधर सीकर में बुधवार सुबह उत्तरी हवाएं करीब तीन किमी की रफ्तार से चली। हवाएं चलने और आंशिक कोहरे की वजह से दिन के तापमान में करीब डेढ़ डिग्री की गिरावट आई। शाम होते ही सर्दी का जोर बढ़ गया। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री व सीकर में अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अब आगे क्या
प्रदेश व अंचल में अगले सप्ताह में सर्दी के तीखे रहने के आसार हैं। मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के साथ एक दिसम्बर से मौसम शुष्क जारी होगा। इससे तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की भी संभावना है। इसके चलते दिसंबर के पहले सप्ताह में सर्दी तेज हो जाएगी।
कोटा में सीजन का पहला घना कोहरा छाया रहा
मावठ की बारिश के बाद हाड़ौती के कोटा, बारां, बूंदी व झालावाड़ जिलों में बुधवार सुबह सीजन का पहला घना कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी बेहद कम रही। घने कोहरे के कारण सफर के दौरान वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। मावठ व कोहरे से ठिठुरन और बढ़ गई। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। कोटा शहर में सुबह जैसे ही लोगों की आंख खुली तो चारों और घना कोहरा छाया नजर आया। कोहरे से पेड़-पौधों से बूंदों के रूप में पानी टपकता रहा। कोहरे की दृश्यता इतनी कम थी कि सामने की कुछ मीटर की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। पहली बार विजिबिलिटी 700 मीटर तक पहुंच गई।
यह भी पढ़ें - खराब मौसम की वजह से दिल्ली से डायवर्ट होकर जयपुर पहुंची 11 उड़ानें, एक में बैठे थे केंद्रीय मंत्री
छाया रहेगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, कोटा का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरकर 15.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की रफ्तार 2 किमी प्रति घंटे की रही। विजिबिलिटी 700 मीटर तक पहुंच गई। आगामी दो-तीन दिन राज्य में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने व अधिकतम तापमान औसत से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें - Weather Update : मौसम विभाग का अलर्ट, 2 घंटे में इन 5 जिलों में होगी हल्की से मध्यम बारिश