3 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Sikar News: ‘मैं तुम्हारा जीजा हूं..’ बिना दीदी से पूछे युवती ने भेजे 1.18 लाख, बाद में पता चला ठगी हो गई

Sikar Cyber Crime: सीकर में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठग ने विदेश में नौकरी करने वाले जीजा की फोटो लगे वॉट्सऐप अकाउंट से युवती को मैसेज कर खुद को जीजा बताया और भारत लौटने के लिए टिकट व अन्य खर्च के नाम पर 1.18 लाख रुपए ठग लिए।
2 min read
Google source verification

सीकर

•

image

Kamal Mishra

•

Oct 03, 2026

sikar cyber crime

Sikar Cyber Crime: सांकेतिक तस्वीर-एआई

सीकर। साइबर ठग अब रिश्तों का भरोसा भी साइबर अपराध का हथियार बना रहे हैं। सीकर जिले में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां ठग ने विदेश में नौकरी करने वाले जीजा की फोटो लगे वॉट्सऐप अकाउंट से युवती को मैसेज किया। खुद को उसका जीजा बताते हुए विदेश से भारत लौटने के लिए टिकट और अन्य खर्च के नाम पर रुपए मांगे। रिश्ते पर भरोसा करते हुए युवती ने बिना अपनी बहन से बात किए बताए गए बैंक खाते में 1.18 लाख रुपए जमा करवा दिए। बाद में जब उसने अपनी बहन को फोन किया तो ठगी का खुलासा हुआ।

मामला सामने आने के बाद युवती ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जीजा की फोटो से बनाया भरोसा

पुलिस के अनुसार युवती के मोबाइल पर कुछ दिन पहले उसके जीजा की फोटो लगे वॉट्सऐप नंबर से मैसेज आया था। मैसेज में खुद को विदेश में होने और भारत लौटने की बात कही गई। इसके साथ टिकट और अन्य खर्च के लिए तत्काल रुपए की जरूरत बताई गई। युवती का जीजा वास्तव में विदेश में नौकरी करता है, इसलिए उसे मैसेज पर शक नहीं हुआ।

दीदी ने बताया जीजा ने पैसे नहीं मांगे

युवती ने घर में इस बारे में अपनी मां को बताया और घर से रुपए लेकर ई-मित्र के जरिए ठगों की ओर से बताए गए बैंक खाते में 1.18 लाख रुपए जमा करवा दिए। रुपए भेजने के बाद जब युवती ने अपनी बहन को फोन कर जीजा के बैंक खाते में पैसे जमा कराने की जानकारी दी तो मामला उल्टा निकला। बहन ने बताया कि जीजा ने किसी तरह के रुपए नहीं मांगे थे। जिस खाते में रकम जमा कराई गई थी, वह भी जीजा का बैंक खाता नहीं था।

इसके बाद युवती को समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस बैंक खाते और वॉट्सऐप मैसेज से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

बिना OTP के खाते से निकले 2.23 लाख रुपए

सीकर में साइबर ठगी का एक दूसरा मामला भी सामने आया है। करीब 40 वर्षीय युवक ने शिकायत दी कि उसके बैंक खाते से बिना किसी ओटीपी की जानकारी दिए 2.23 लाख रुपए निकाल लिए गए। उसे इसकी जानकारी बैंक स्टेटमेंट देखने के बाद हुई। युवक ने इस संबंध में साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रिश्तेदार बनकर ठगी से रहें सावधान

साइबर ठगी के इन मामलों से साफ है कि ठग लोगों के रिश्तेदारों की फोटो और संपर्क जानकारी का इस्तेमाल कर भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे किसी भी मैसेज पर तुरंत पैसे भेजने के बजाय संबंधित रिश्तेदार से सीधे फोन पर बात कर पुष्टि करना जरूरी है। बैंक खाते में रकम भेजने से पहले खाताधारक की पहचान की पुष्टि करने से भी ठगी से बचा जा सकता है।

यह वीडियो भी देखें :

बड़ी खबरें

View All

सीकर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग