सीकर

IPL 2018 : हाईटेक हुए शेखावाटी के सटोरिए, पुलिस के साथ यूं खेलते हैं T-20 मैच?

आईपीएल 2018 पर शेखावाटी (सीकर) के सटोरियों ने हाईटेक सूटकेस का इस्तेमाल करके अरबों रुपए दांव पर लगाए हैं।

2 min read
Apr 11, 2018
ipl

सीकर.

शेखावाटी में सट्टा कारोबार का हमेशा से चलन रहा है। आलम यह है कि प्रदेशभर के सट्टा बाजार में शेखावाटी के सटोरियों की धाक है। चुनाव हो या कोई वनडे मैच। यहां के सटोरियों जमकर चांदी कूटते हैं। आईपीएल तो सटोरियों के लिए सोने पे सुहागा जैसा है।

आईपीएल 2018 शुरू होते ही शेखावाटी के अकेले सीकर में 100 से ज्यादा बुकी सक्रिय हो गए हैं, जो न केवल ग्राहकों के लिए जाल बिछा चुके हैं, बल्कि पुलिस के साथ भी T-20 मैच खेलने के पुख्ता इंतजाम कर रखे हैं।


अरबों रुपए दांव पर
IPL 2018 में शेखावाटी में अरबों रुपए दांव पर लगे हुए हैं। यहां के सटोरिए मैच की हार-जीत के साथ-साथ हर गेंद पर लाखों का सट्टा लगवा रहे हैं। सीकर के एक बुकी (नाम न छापने की शर्त) ने बताया कि मैच में विकेट गिरने, चौके-छक्के लगने पर भी सट्टे में लाखों रुपए जीते या गंवाए जा सकते हैं।

शेखावाटी के सटोरिए हुए हाईटेक


कभी जुबानी या पर्ची पर लिखकर सट्टा लगाने वाले सटोरिए भी अब हाइटेक हो गए हैं। ग्राहकों से सम्पर्क करने के लिए हाईटेक सूटकेस तक का इस्तेमाल करने लगे हैं। पिछले दिनों सीकर में पुलिस ने विकास टेलर नाम के युवक से 17 हाइटेक सूटकेश जब्त किए थे। ये सूटकेस दिल्ली से खरीदकर लाए गए थे।

90 लाख का हिसाब-किताब जब्त


शेखावाटी में सट्टा कारोबार कितना फल-फूल रहा है, इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जयपुर में बुधवार को हो रहे आईपीएल के मैच से पहले सीकर जिले के फतेहपुर में पुलिस ने सटोरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनसे १७ मोबाइल, एक टीवी, एक लेपटॉप और ९० लाख रुपए का हिसाब-किताब जब्त किया है।

सीकर एसपी विनित कुमार कहते हैं कि आईपीएल पर सट्टा लगाने वालों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम सटोरियों के संभावित जगहों पर दबिश दे रही है। मंगलवार रात को ही फतेहपुर में लाखों का सट्टा पकड़ा भी है।

Published on:
11 Apr 2018 04:00 pm