सीकर

जयपुर ACB की सीकर में बड़ी कार्रवाई, कारखाना एवं बॉयलर्स का इंस्पेक्टर 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार

सीकर में एसीबी जयपुर की टीम ने कारखाना एवं बॉयलर्स विभाग के इंस्पेक्टर मोहित शर्मा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने कारखाने की पॉजिटिव इंस्पेक्शन रिपोर्ट बनाने के लिए 30 हजार रुपए मांगे थे।
2 min read
• •
Updated: 28 Sep 2026, 8:56 PM IST
accused inspector mohit sharma
आरोपी इंस्पेक्टर, मोहित शर्मा (पत्रिका फोटो)

Jaipur ACB Action in Sikar: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), जयपुर की टीम ने सोमवार को सीकर में कार्रवाई करते हुए कारखाना एवं बॉयलर्स विभाग के इंस्पेक्टर मोहित शर्मा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने कारखाने के निरीक्षण की सही और पॉजिटिव रिपोर्ट बनाने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ के साथ आगे की कार्रवाई कर रही है।
एक सप्ताह पहले इंस्पेक्टर के खिलाफ दी थी शिकायत

एसीबी के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एडिशनल एसपी ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। एसीबी के अनुसार, चूरू के एक व्यवसायी ने करीब एक सप्ताह पहले इंस्पेक्टर मोहित शर्मा के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि कारखाने के निरीक्षण की पॉजिटिव रिपोर्ट तैयार करने के नाम पर आरोपी ने 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम 20 हजार रुपए में तय हुई।

दो ठिकानों पर ली तलाशी

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। आरोपी इंस्पेक्टर को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी के दो ठिकानों पर भी तलाशी शुरू की। इनमें खाटूश्यामजी स्थित उसका पैतृक मकान और सीकर में किराए पर लिया गया मकान शामिल है।

खाटूश्यामजी का रहने वाला है आरोपी

एसीबी के एडिशनल एसपी ज्ञान प्रकाश नवल ने बताया कि आरोपी मोहित शर्मा खाटूश्यामजी का रहने वाला है। उसने सीकर में रीको के पास शांति नगर कॉलोनी की गली में स्थित मकान नंबर 2-ए में किराए पर अलग पोर्शन ले रखा था। इसी मकान के एक कमरे में उसने अपना कार्यालय बना रखा था, जबकि दो कमरों में वह खुद रहता था।

दो साल से यहां कार्यरत था इंस्पेक्टर

कारखाना एवं बॉयलर्स के क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत सीकर के साथ चूरू और झुंझुनूं जिले भी आते हैं। आरोपी इंस्पेक्टर यहां दो साल से अधिक समय से कार्यरत था। ट्रैप कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी को पुलिस थाना उद्योग नगर लेकर गई। यहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है।

Updated on:
28 Sep 2026, 8:56 PM IST
Published on: