Accused Arrested On Jaipur Airport: दुबई से जयपुर आने की सूचना मिली थी। दादिया थाना पुलिस टीम ने आरोपी के जयपुर एयरपोर्ट आते ही दबोच लिया गया।
Rajasthan News: पत्नी और उसके भाई-भाभी पर हमला कर विदेश भागे आरोपी को दादिया थाना पुलिस ने उसके लौटने पर जयपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले तीन साल से विदेश में रहकर वहां नौकरी कर रहा था। ऐसे में आरोपी को न्यायालय की ओर से भगोड़ा घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
दादिया थानाधिकारी अशोक कुमार झाझड़िया ने बताया कि पत्नी व अन्य रिश्तेदारों पर हमला करने वाले आरोपी रोशन कुमावत 29 वर्ष पुत्र सीताराम कुमावत निवासी जेरठी की दुबई से जयपुर आने की सूचना मिली थी। दादिया थाना पुलिस टीम ने आरोपी के जयपुर एयरपोर्ट आते ही दबोच लिया गया। आरोपी के खिलाफ उसकी पत्नी सुमन कुमारी ने 11 अगस्त 2022 को मामला दर्ज करवाया था।
मामले के अनुसार आरोपी रोशन कुमावत ने अपनी पत्नी को राखी के त्योहार पर पीहर नहीं जाने दिया था। पीड़िता ने बताया कि 10 अगस्त 2022 को उसके भाई-भाभी अपने बच्चे के साथ राखी बंधवाने उसके ससुराल आए थे। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पति रोशन ने नया मकान बनाया है और पीहर से पैसे मंगवाने के लिए दबाव बनाकर मारपीट करता है। पैसे नहीं लाने पर रक्षाबंधन पर पीहर नहीं जाने दिया था। इस पर 10 अगस्त को उसके भाई-भाभी अपने 2 साल के बच्चे के साथ राखी बंधवाने उसके घर आए थे। पति और उसके परिवार के लोगों ने सुमन और उसके भाई-भाभी पर सरिए से हमला कर दिया था। भाई की बाइक को जला दिया था।
मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव करके छुड़वाया। इस घटना के पहले भी रोशन और उसके परिवार के लोगों ने कई बार मारपीट की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की लेकिन घटना के बाद आरोपी नौकरी करने दुबई चला गया था। आरोपी के वापस आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने रोशन को जयपुर एयरपोर्ट से उसे गिरफ्तार कर लिया ।