सीकर

Khatushyam : विदेशों के भी राजा बन गए हैं खाटू नरेश

Khatushyam : हारे के सहारे बाबा श्याम के मंदिर अब विदेशों में भी बन गए हैं। भक्तों की संख्या बढ़ने के साथ श्याम मंदिरों की संख्या भी दुनियाभर में बढ़ती जा रही है। देशभर के श्याम मंदिरों में खाटू दरबार की तरह सेवा पूजा भजन संध्या और मासिक व वार्षिक मेलों का आयोजन भी होता है। देश के प्रमुख श्याम मंदिरों से रूबरू कराती पत्रिका संवाददाता प्रमोद स्वामी की खास रिपोर्ट।

4 min read
Feb 24, 2023
22dec1.jpg

Khatushyam : हारे के सहारे बाबा श्याम के मंदिर अब विदेशों में भी बन गए हैं। भक्तों की संख्या बढ़ने के साथ श्याम मंदिरों की संख्या भी दुनियाभर में बढ़ती जा रही है। देशभर के श्याम मंदिरों में खाटू दरबार की तरह सेवा पूजा भजन संध्या और मासिक व वार्षिक मेलों का आयोजन भी होता है। बाबा श्याम का मुख्य मंदिर सीकर जिले के खाटूश्यामजी में है जो करीब 300 वर्ष पुराना है। यहां मासिक मेले सहित फाल्गुन में वार्षिक लक्खी मेला आयोजित होता है। देश के प्रमुख श्याम मंदिरों से रूबरू कराती पत्रिका संवाददाता प्रमोद स्वामी की खास रिपोर्ट।


हिमाचल प्रदेश

श्याम बाबा का मंदिर हिमाचल प्रदेश में भी बना हुआ है। बाबा श्याम की मूर्ति स्थापना संवत: 2064 जेष्ठ शुक्ल पंचमी को हुई थी इसके बाद मंदिर को भव्य बनाया गया और अब हिमाचल में आने वाले पर्यटक सहित आस पास के क्षेत्र के लोग बाबा श्याम के दर्शन को आते हैं।

पश्चिमी बंगाल

कोलकाता के हावड़ा में घुसड़ीधाम में स्थित है श्री श्याम मंदिर। जहां शुक्ल पक्ष की एकादशी व द्वादशी पर बड़ा आयोजन होता है। बड़ाबाजार, काठगोला, आलमबाजार, बांगूड़ व उत्तर, मध्य व दक्षिण हावड़ा, लिलुआ, बाली, बेलूर आदि क्षेत्रों के भक्त यहां धोक लगाने आते है। यहां अनेक श्याम मंडल बने हुए है। जिनमें मासिक व वार्षिक कार्यक्रम होते हैं।
गुजरात

देश के भव्य श्याम मंदिरों में एक है गुजरात के सूरत की वीआईपी रोड पर बना श्री श्याम मंदिर। श्री श्याम सेवा ट्रस्ट सूरत के सदस्यों ने 2017 में जयपुर में बनी श्याम बाबा और सालासर बालाजी की मूर्तियां प्राण प्रतिष्ठा के बाद स्थापित करवाई। 5000 वर्गफीट में फैले इस मंदिर के निर्माण में करोड़ो रुपए का खर्चा लगा हैं। मंदिर 150 फीट ऊंचाई का है जिसमें 125 ट्रक संगमरमर, 100 किलो सोना, 1100 किलो चांदी लगी हैं। मंदिर पर 19 फ़ीट लंबा सोने का कलश लगा हैं।

उत्तर प्रदेश

आगरा के जीवनी मंडी में श्याम बाबा का भव्य मंदिर बना हुआ हैं। 1200 गज में बने इस मंदिर को वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध प्रेम मंदिर के शिल्पकारों समेत करीब 300 कारीगरों ने राजस्थानी स्थापत्य कला शैली में बनाया। श्याम बाबा का भव्य सिंहासन 100 किलो चांदी से तैयार हुआ हैं। तीन फ्लोर में तैयार इस मंदिर में बेसमेंट में गाडिय़ों की पार्किंग के साथ ही भंडारे में आने वाले भक्तों को भोजन कराने की व्यवस्था है। ग्राउंड फ्लोर पर विशाल सत्संग हाल बनवाया गया है।

हरियाणा
पानीपत के समालखा कस्बे के चुलकाना धाम में भी श्याम मंदिर है। इस स्थान पर बाबा श्याम ने भगवान श्रीकृष्ण को शीश का दान किया था। यहां भी फाल्गुन व श्याम बाबा के जन्मोत्सव पर मेला भरता है। श्री श्याम मंदिर में लाखों भक्त आते हैं।

मध्यप्रदेश
मंदसौर में खाटू श्याम बाबा का मंदिर बना हैं। अर्जुनसिंह राठौड़ और ठाकुर नरेंद्रसिंह चौहान ने एक बीघा जमीन मंदिर के लिए दी थी। इन्होंने 3 मित्रों के साथ मिलकर मंदिर निर्माण के लिए शुरुआत में 251 ईंटों को रखा। ईंट लगाने के लिए 5100 रुपए जनसहयोग में रखे और काम शुरू किया। मंदिर निर्माण के लिए जिले सहित प्रदेश से करीब 1500 लोगों से राशि व 300 लोगों द्वारा सामग्री दी गई। मंदिर में भक्तों को दिनभर तांता लगा रहता है।

कर्नाटक (बैंगलुरू)
बैंगलुरू के बन्नरघट्टा में श्री श्याम मंदिर बना हुआ है। दस साल पहले बने इस मंदिर में क्षेत्र के श्रद्धालु मंदिर में आकर बाबा श्याम की पूजा अर्चना करते हैं। श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट बैंगलुरू की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

असम
गुवाहाटी में 2016 में श्याम मंदिर बना। जिसके बाद यहां श्याम भक्तों की तादाद बढ गई। पंडित गोपाल शर्मा ने बताया कि भक्त फूल माला, प्रसाद, इत्र आदि अर्पित कर मनौतियां मांगते हैं।

पंजाब

पंजाब के तुलसी नगर रोड, पातडां में स्थित श्री श्याम मंदिर है। मंदिर को भव्यरूप देने के लिए 2000 गज में बना हुआ है। पातड़ां के राजकुमार सिंघला, विजय अग्रवाल व नरेंद्र गर्ग सहित ट्रस्ट के लोग मिलकर मंदिर में किर्तन करवाते है। पहले सैंकडो लोग मंदिर में आते थे मगर अब हजारों की तादाद में भक्त आते हैैैैैैं।

महाराष्ट्र

मुंबई के ठाणे में बाबा श्याम का मंदिर स्थित है। लोक सेवा ट्रस्ट, लोकपुरम बसंत विहार, ठाने वेस्ट के राजेन्द्र मित्तल, राजकुमार गोयल,संजय मित्तल सहित ट्रस्ट के अन्य भक्तों ने बाबा श्याम के मंदिर को बनाने के लिए 1100 रूपए से शुरूआत की ओर सभी के सहयोग से बाबा श्याम का मंदिर बनाया। मंदिर 300 मीटर के दायरे में बना हुआ है। मंदिर को बने हुए करीब 10 साल हो गए।

तेलंगाना

हैदाबाद के काँचीगुडा में श्री श्याम मंदिर हे। यहां बाबा श्याम का भव्य मंदिर बना हुआ है मंदिर में बाबा श्याम का हर रोज श्रृंगार किया जाता है। मेरे श्याम समिति के सुनिल शर्मा व कमल बंसल ने बताया की बाबा के मंदिर को बने काफी साल हो गए। मंदिर में गुलजार हौज, मदीना, अफजलगंज, इमलीबन, चादरघाट सहित आस-पास के कस्बों से श्याम भक्त मंदिर में दर्शन को आते है।

तमिलनाडु

चेन्नई के अन्नानगर में श्याम मंदिर बना हुआ है। जहां श्री श्याम सत्संग ट्रस्ट द्वारा मासिक आयोजन होता है। यहां भी भक्त बाबा श्याम के भजन कीर्तन व भंडारे लगाते है।

ओडिसा

सम्बलपुर में अनोखा श्री श्याम मंदिर बना हुआ है। मंदिर की स्थापना 2018 में हुई थी। जहां हजारों की संख्या में भक्त आते है।

बिहार

दरभंगा के जीतूगाड़ी में बाबा श्याम का मंदिर बना हुआ। यहां श्री खाटू श्याम मण्डल की ओर एकादशी को बाबा श्याम के किर्तन का आयोजन होता है।

पाकिस्तान

पड़ौसी मुल्क पाकिस्तान के हैदराबाद, करांची और पसनी शहर खाटू नरेश के मंदिर बने हुए हैं। जहां हर वर्ष फाल्गुन माह में मेला भरता है। मेले में एकादशी पर बाबा को फूल मालाओं से सजाकर शहर में गाजे बाजे के साथ यात्रा निकाली जाती है। द्वादशी को दाल चावल, आलू बिरयानी, मिक्स वेज, खीर-चूरमा आदि का भोग लगाकर भक्तों में लंगर बांटा जाता है। करांची के रणछोड़ शहर में पुजारी प्रदीप आदिवाल, हैदराबाद के श्याम मंदिर के पुजारी आशानंद और पसनी के श्याम मंदिर के पुजारी किशोरदास हैं।

आस्ट्रेलिया

आस्ट्रेलिया के मेलबॉर्न में भी बाबा श्याम का मंदिर बना है। जहां आज से दो साल पहले दरबार में श्याम बाबा के शीश की विधिवत रूप से प्राण प्रतिष्ठा हुई। यहां रहने वाले श्याम भक्त मंदिर में कीर्तन में श्याम का गुणगान करते हैं। धीरे-धीरे अंग्रेजों में भी लखदातारी श्याम के दरबार में आने लग गए हैं।

थाइलैंड

थाइलैंड के बैंकॉक में भी बाबा श्याम का मंदिर है यहां सनातन धर्म का मंदिर है जहां बाबा श्याम सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं हैं। वहां के स्थानीय हिन्दू धर्म के निवासी बाबा श्याम के दर्शन करते हैं।

नेपाल

भारत के पडोसी देश नेपाल में भी है बाबा श्याम का मंदिर। नेपाल के नेपालगंज के शीतल नगर में बाबा श्याम का मंदिर बना हुआ है। जहां हर शुक्ल पक्ष की एकादशी पर किर्तन का आयोजन व द्वादशी को बाबा को खीर चूरमे का भोग लगाते हैं। यहां महिने में एक बार बाबा श्याम के बड़े आयोजन किए जाते हैं।

Published on:
24 Feb 2023 12:24 pm