
जंगल-पहाड़ी में सर्च जारी। फोटो पत्रिका
Neemkathana Missing Child : नीमकाथाना (सीकर)। निमोद गांव स्थित हिंगलाज माता मंदिर से लापता हुए पांच वर्षीय मासूम भावेश का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की टीमें लगातार हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई हैं। रविवार को भी पूरे पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस के अनुसार अब तक 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा चुके हैं, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। सदर थाना अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस की दो टीमें पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में तलाश कर रही हैं, जबकि अन्य टीमें पहाड़ी पर आने-जाने वाले सभी रास्तों की जांच में जुटी हैं। आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सर्च ऑपरेशन में करीब 200 ग्रामीण लगातार सहयोग कर रहे हैं। शनिवार को डॉग स्क्वॉड और अन्य जांच एजेंसियों ने करीब 3300 फीट ऊंची पहाड़ी पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया था, लेकिन जांच अभी तक सफलता नहीं मिली। गौरतलब है कि भावेश अपनी मां पूजा कंवर के साथ हिंगलाज माता मंदिर दर्शन के लिए गया था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। घटना के बाद से परिवार गहरी चिंता में है। मां पूजा कंवर बेटे की सकुशल वापसी की उम्मीद में मंदिर में पूजा-अर्चना कर रही हैं।
वन विभाग की टीम भी लगातार पुलिस के साथ अभियान में जुटी हुई है। रेंजर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि 25 से अधिक वनकर्मियों ने जंगल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली है। मंदिर क्षेत्र और आसपास किसी भी जंगली जानवर या पैंथर की गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी जंगली जानवर ने हमला किया होता तो उसके पगमार्क या अन्य साक्ष्य अवश्य मिलते, लेकिन अब तक ऐसा कोई संकेत सामने नहीं आया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश मीणा ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। अलग-अलग टीमों को तलाश में लगाया गया है। लापता बालक की खोज में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
Updated on:
14 Jun 2026 06:44 pm
Published on:
14 Jun 2026 06:44 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
