
बोनट में घुसा सांप. Photo- Patrika
श्रीगंगानगर। राजस्थान के अनूपगढ़ शहर की आदर्श कॉलोनी में रविवार सुबह एक घर के बाहर खड़ी कार में जहरीला सांप घुस गया। सांप कार के बोनट के अंदर जाकर छिप गया, जिससे वाहन मालिक और आसपास के लोग भयभीत हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे रेस्क्यूअर ने करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में उसे आबादी क्षेत्र से दूर छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी निवासी कार मालिक सुबह अपने दैनिक कार्य के लिए घर से बाहर निकले और कार स्टार्ट करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कार के पास घूम रहे एक सांप पर पड़ी। देखते ही देखते सांप कार के बोनट के भीतर घुस गया और इंजन के हिस्सों के बीच कहीं छिप गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। वाहन मालिक ने तुरंत स्थानीय रेस्क्यूअर को सूचना दी। मौके पर पहुंचे रेस्क्यूअर ने सबसे पहले लोगों को वाहन से दूर रहने की सलाह दी और सावधानीपूर्वक बोनट खोलकर सांप की तलाश शुरू की। सांप इंजन के विभिन्न हिस्सों के बीच लगातार अपनी जगह बदल रहा था।
काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यूअर ने उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। रेस्क्यूअर ने बताया कि पकड़ा गया सांप जहरीली प्रजाति का था। उन्होंने कहा कि गर्मी और मौसम में बदलाव के कारण इन दिनों सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। खेतों, खाली भूखंडों और झाड़ियों के साथ-साथ वाहन भी सांपों के छिपने के लिए सुरक्षित स्थान बन जाते हैं।
उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से वन्यजीव एवं सांपों के रेस्क्यू का कार्य कर रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ समय में सांप निकलने की घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है। गौरतलब है कि जब भी कोई ऐसी घटना हो कार के चारों खिड़कियां और शीशे बंद कर हीटर को पूरे वेग में चला दे। कार के गर्म होने पर सांप कार से बाहर निकल आएगा और रेस्क्यूअर में आसानी रहेगी।
इससे पहले हाल ही में उदयपुर जिले के ढिकली गांव में एक घर के ट्यूबवेल चेंबर से 23 जहरीले सांप निकले थे। सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम भी यह देखकर हैरान रह गई कि जिस एक सांप को पकड़ने के लिए बुलाया गया था, उसके साथ 22 नवजात सांप भी मौजूद थे। इन सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर आबादी क्षेत्र से दूर प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया था।
Updated on:
14 Jun 2026 06:34 pm
Published on:
14 Jun 2026 06:34 pm
