
खाटूश्यामजी।
बाबा श्याम (Baba Shyam) के दस दिवसीय फाल्गुनी लक्खी मेले की शुरूआत आज से हो गई है। मेले के दौरान श्याम भक्तों के सेवार्थ स्वयंसेवी संस्थाएं के जत्थों का पहुंचना भी आरंभ हो गया है। भक्त बाबा श्याम के दर्शन कर अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना कर रहे है। इधर, रींगस से खाटू सडक़ मार्ग पर पदयात्राओं के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। भक्त हाथों में निशान लिए दरबार में पहुंच रहे है। रींगस रोड पग पग पर भंडारों का लगना भी शुरू हो गया है। मेले में भक्तों की भीड़ को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी की ओर से जीगजैग, बेरिकेटिंग, डोम आदि व्यवस्थाएं की गई है। शांति और सुरक्षा को देखते हुए जिला कलक्टर चौथीराम मीणा और पुलिस अधीक्षक अमनदीप सिंह कपूर मेले पर नजर बनाए हुए है। मेले में तकरीबन ढाई हजार पुलिस के जवान और पन्द्रह सौ स्काउट सहित मंदिर कमेटी के पांच सौ सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। इस बार मेले में श्री श्याम मंदिर कमेटी द्वारा मंदिर के सिंह द्वार को मयुर की झांकी से सजाया जाएगा।
10 किलोमीटर के बाद बाबा श्याम का दीदार
भक्तों को रींगस रोड़ पर बने सरकारी पार्किंग के सामने बने मुख्य प्रवेश द्वार से होकर बिजली ग्रिड होते हुए खटीकान मोहल्ला, कैरपुरा तिराहा से लामिया तिराहे के पास बांस-बल्लियों से बनी लाइन से होकर लखदातार मैदान में बने जिगजैग से होकर रावण टीबे के पास से होते हुए श्री श्याम बगीची के पास बने मुख्य मेला मैदान के जिगजैग पार करने के बाद मंदिर (Khatu Temple) में विराजित हारे के सहारे श्याम सरकार के दर्शन होंगे।
जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति
जयपुर से खाटूधाम पहुंचे बीडीएस व एएससी डॉग स्क्वायड की टीम में शामिल एएसआई कप्तान सिंह, हेड कांस्टेबल मनन, परमानंद व प्रकाश और कांस्टेबल हरफूल सिंह व महेश कुमार आदि ने संपूर्ण श्याम मंदिर परिसर सहित प्रमुख मार्गों की जांच की। टीम में शामिल अधिकारी से जब पत्रिका ने संपूर्ण मेले में ड्यूटी की बात पूछने पर उन्होंने कहा कि हमें उच्चाधिकारियों ने एक दिन के लिए ही जांच के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालु श्याम बाबा के दर्शनार्थ आते हैं। मेले के दौरान अगर संदिग्ध वस्तु मिल जाए तो उसकी जांच कौन करेगा। उधर थाना प्रभारी सुरेंद्र सैनी ने बताया कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को अवगत करवाया जाएगा।