सीकर

खाटूश्यामजी का मेला शुरू: 10 लाख भक्तों की भीड़ में भी एक घंटे में होंगेे दर्शन

Khatu shyamji mela 2024: अगाध आस्था वाले खाटूश्यामजी के वार्षिक लक्खी मेले का आगाज सोमवार को हो गया है।
3 min read
Mar 11, 2024
khatu mela

Khatushyam ji mela 2024: अगाध आस्था वाले खाटूश्यामजी के वार्षिक लक्खी मेले का आगाज सोमवार को हो गया है। मेले में पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है। 11 दिवसीय मेले में देश-दुनिया से श्रद्धालु दर्शनों के लिए खाटू नगरी पहुंचेंगे। जिनकी पहली बार एआई तकनीक से गणना होगी। श्याम दर्शनों की राह भी इस बार काफी राहतभरी रहेगी। दर्शनों की सुगमता के लिए मेला कमेटी ने इस बार रूट चार्ट में एक नया सेक्टर जोड़ा है। मंदिर के नवनिर्माण के साथ इस नई व्यवस्था से अब 10 लाख की भीड़ जुटने पर भी भक्त अधिकतम एक घंटे में बाबा श्याम के दीदार कर सकेंगे। कम भीड़ होने पर इससे भी कम समय लगेगा।

20 घंटे के लिए बंद होंगे पट
मेला शुरू होने के साथ सोमवार को 20 घंटे के लिए मंदिर के पट बंद भी होंगे। श्याम बाबा के तिलक व विशेष श्रृंगार के लिए मंदिर के कपाट रात 10 बंद किए जाएंगे। जिन्हें मंगलवार को शाम छह बजे खोला जाएगा। ऐसे में इस बीच श्रद्धालु श्याम बाबा के दर्शन नहीं कर पाएंगे।

9 सेक्टर से राह होगी आसान
श्याम मंदिर तक आने-जाने की राह आसान करने के लिए प्रशासन ने मेला क्षेत्र का विस्तार कर इसे 9 सेक्टर में बांटते हुए मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। मंदिर के निकासी द्वार से निकलने वाले तीन रास्तों को मिलाकर इस बार एक नया सेक्टर बनाया गया है। जिनमेें पहला रास्ता नए निकासी मार्ग से ग्वाड़ चौक में दो लेन के जरिए जाएगा। आठ लाइन का बड़ा रास्ता प्राचीन कानपुर धर्मशाला से मित्र मंडल राजू की चेन तक व तीसरा रास्ता दो लेन से पुराने निकासी मार्ग पूछताछ कार्यालय से कबूतर चौक तक जाएगा।

14 लाइनों पर एआई कैमरे करेंगे गिनती
तिरुपति, महाकाल, काशी विश्वनाथ और अयोध्या के बाद अब खाटूश्यामजी के मंदिर में भी एआई (आर्टिफिशियल इन्टेलिजेंस) तकनीक से श्रद्धालुओं की गणना होगी। इसके लिए मंदिर के प्रवेश द्वार पर बनाई गई 14 लाइनों पर अत्याधुनिक कैमरे लगाए जा रहे हैं। जो ऑटोमेटिक गणना करेंगे।

400 से ज्यादा लगेंगे भंडारे, 5 हजार पुलिसकर्मी होंगे तैनात
खाटूश्यामजी के मेले में खान-पान व श्रद्धालुओं की सेवा के लिए छोटे- बड़े 300 से ज्यादा भंडारे लगेंगे। जिनमें कुछ पूरे मेले में तो ज्यादातर एक से पांच दिवसीय होंगे। मेले में सुरक्षा के लिए पांच हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

बाबा को लगेगा 2 लाख क्विंटल से भी अधिक मावे का प्रसाद
प्रसाद के दुकानदारों के अनुसार बाबा श्याम के मेले में दो लाख क्विंटल से भी अधिक मावे का प्रसाद बिकेगा। मेले में स्थाई व अस्थाई एक हजार से भी ज्यादा दुकानें लगेगी। प्रसाद के लिए डिब्बे तैयार करने के व्यापार ने भी जोर पकड़ रखा है।

मजिस्ट्रेट ने ली बैठक, दिए निर्देश
फाल्गुनी लक्खी मेले की व्यवस्थाओं को लेकर रविवार को मेला मजिस्ट्रेट गोविंदसिंह भींचर ने दांतारामगढ़ उपखंड के पटवारी व गिरदावरों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने उन्हें सेक्टर की पूरी जानकारी लेकर हर व्यवस्था तथा घटना- दुर्घटना पर नजर रखने को कहा। पानी, शौचालय व साफ-सफाई पर विशेष नजर रखने की बात भी कही। सेक्टर में अधिकारी व कर्मचारियों के गैर हाजिर रहने पर तुरंत सूचित करने के निर्देश भी दिए। सीओ रींगस महावीर सिंह ने हर सेक्टर को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश देते हुए संपूर्ण मेले में डॉग स्क्वायड व एटीएस की टीम की 24 घंटे उपलब्धता की बात कही। दांतारामगढ़ तहसीलदार महिपाल सिंह राजावत ने भी इस दौरान आवश्यक निर्देश दिए।

46 चिकित्सक सहित 170 चिकित्साकर्मी देंगे सेवाएं
मेले में 46 चिकित्सक सहित कुल 170 चिकित्साकर्मी सेवाएं देंगे। चिकित्सा विभाग की ओर से मेला क्षेत्र में जगह- जगह शिविर आयोजित होंगे। जहां चिकित्साकर्मी 24 घंटे सेवाएं देंगे। चिकित्सा शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने रविवार को सीएमएचओ डॉ निर्मल सिंह भी खाटू पहुंचे। उन्होंने बताया कि मेले के नोडल अधिकारी जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ छोटेलाल गढ़वाल को बनाया गया है। इसके अलावा मेला सह प्रभारी भी बनाएं गए है। मेले में चार 108 एम्बुलेंस, 2 एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस तैनात की गई है। जिनकी संख्या आगामी दिनों में बढाई जाएगी।

सीकर से खाटू किराया 60 रुपए तय
खाटूश्यामजी मेले के लिए ई-रिक्शा व बसों का किराया भी तय किया गया है। इस संबंध मेंं ट्रैफिक डिप्टी सुशील मान की अध्यक्षता में हुई बैठक में थानाप्रभारी ने ई- रिक्शा प्रति सवारी 50 किराया निर्धारित किया गया है। वे 52 बीघा सरकारी पार्किंग से नगरपालिका के पीछे से अलोदा तिराहा से पीडब्ल्यूडी मोड़ तक के रूट पर ही चलेंगे। रिक्शे पर मोबाइल नंबर व टोकन नंबर का बैनर लगाना अनिवार्य किया गया है। निजी बसों का भी सीकर से खाटू का किराया 60 रुपए तय किया गया है। इसी तरह रींगस- खाटू का 50, जयपुर- खाटू का 170 नॉन ऐसी बस व 200 रुपए शुल्क ऐसी बस का निर्धारित किया गया।

रींगस से खाटूमार्ग नो व्हीकल जोन घोषित
मेले से पहले कलक्टर ने रींगस से खाटूश्यामजी मार्ग को नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया है। मेला मजिस्ट्रेट ने बताया कि इस मार्ग पर केवल पद यात्री ही चल सकेंगे।

Published on:
11 Mar 2024 11:17 am