सीकर

Khatushyamji Municipality Election Result: खाटूश्यामजी में बना कांग्रेस का बोर्ड, सिर्फ वोट से मिली जीत; विनीता पूनिया बनी चेयरमैन

Khatushyamji Municipality Election Result: सीकर जिले की खाटूश्यामजी नगर पालिका का चुनाव परिणाम शनिवार को जारी हो गया है। कांग्रेस की विनीता पूनिया नगरपालिका चेयरमैन बन गई है।
2 min read
• •
Sep 26, 2026
Vinita Punia
खाटूश्यामजी नगर पालिका की नई चेयरमैन विनीता पूनिया। फोटो: पत्रिका

सीकर। सीकर जिले की खाटूश्यामजी नगर पालिका का चुनाव परिणाम शनिवार को जारी हो गया है। कांग्रेस की विनीता पूनिया नगरपालिका चेयरमैन बन गई है। उनके चेयरमैन बनते ही कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को डाले गए 19 मतों की गणना शनिवार सुबह 10 बजे नगरपालिका कार्यालय में शुरू और कुछ ही देर में परिणाम जारी हो गया।

बता दें कि राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश की पालना में सुबह स्ट्रांग रूम से मतपेटी निकाली गई। RO कपिल उपाध्याय, ASP दीपक गर्ग, DYSP राजे-कुमार जांगिड़ सहित पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस प्रत्याश विनीता पूनिया की मौजूदगी में मतपेटी स्ट्रांग रूम से निकालकर नगरपालिका लाई गई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। हालांकि, भाजपा प्रत्याशी प्रेम देवी स्ट्रांग रूम नही पहुंची। इसके बाद सुबह 10 बजे से 19 मतों की गणना शुरू हुई। कांग्रेस को 10 मत मिले व भाजपा की प्रेम देवी को 9 मत मिले। ऐसे में कांग्रेस की कांग्रेस की विनीता पूनिया ने एक वोट से जीत दर्ज की और नगरपालिका चेयरमैन चुनी गई।

गौरतलब है कि राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ ने 24 सितंबर को वार्ड 11 की पार्षद और अध्यक्ष पद की प्रत्याशी विनीता पूनिया की याचिका पर सुनवाई की थी। कोर्ट ने 25 सितंबर को प्रस्तावित पुनर्मतदान निरस्त कर दिया था। साथ ही 21 सितंबर को मतदान अवधि में डाले गए 19 मतों की गणना कर अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित करने के निर्देश दिए थे। कोर्ट के आदेश के बाद निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। ऐसे में अब 19 मतों की गिनती पूरी होने के बाद अध्यक्ष पद का परिणाम सामने आया।

20 सदस्यीय बोर्ड, 19 पार्षदों ने किया मतदान

खाटूश्यामजी नगरपालिका के 20 सदस्यीय बोर्ड में भाजपा के 8, कांग्रेस के 8, तीन निर्दलीय और एक आरएलपी पार्षद हैं। 21 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में 20 में से 19 पार्षदों ने वोट डाला था। वार्ड 10 की कांग्रेस पार्षद लक्ष्मी मतदान के लिए नहीं पहुंची थीं। उनके पति हरलाल की शिकायत के बाद पुलिस ने लक्ष्मी देवी को दस्तयाब किया था। मतदान के बाद 19 मतों वाली मतपेटी को सील कर सुरक्षित रख दिया गया था। अब इसी मतपेटी में बंद 19 वोटों की गिनती से पालिकाध्यक्ष का फैसला हो गया है।