
सीकर।
धोद क्षेत्र में दुल्हन के अपहरण मामले को लेकर सीकर में प्रदर्शन कर रहे राजपूत समाज के लोगों ने प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम हटा दिया है। एसपी डॉ. अमन दीप कपूर व एडीएम जयप्रकाश के आरोपियों को तीन दिन के अंदर गिरफ्तार करन के आश्वासन के बाद एकबारगी कलेक्टर आवास के सामने का रास्ता खोल दिया गया है। हालांकि प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आंदोलन और वार्ताओं का दौर अब भी जारी रहेगा। उधर, रास्ता खाली करने के बाद करणी सेना के नेता सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के अगुवाई में राजपूत समाज का एक प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर सी.आर मीणा से वार्ता के लिए कलेक्ट्रेट भी पहुंचा है। बता दें कि दुल्हन के अपहरण के बाद से ही सीकर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। गुरुवार को प्रशासन से वार्ता विफल होने के बाद कलेक्टे्रट बंगले के सामने सैकड़ो लोग सडक़ों को जाम कर प्रदर्शन कर करने लगे। प्रदर्शन में करणी सेना से जुड़े सुखदेव सिंह गोगामेडी व उदयपुरवाटी विधायक राजेन्द्र गुढ़ा के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में समाज के लोग शामिल थे। उधर, शहर में भारी पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया है। सीकर जिले के अलावा बाहर से भी अतिरिक्त जाप्ता बुलाया गया है।
शहर में तनावपूर्ण स्थिति
दुल्हन के अपहरण मामले के बाद आक्रोशित राजपूत समाज के प्रदर्शन के बाद शहर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। हालांकि आश्वासन पर मामला शांत हो गया है। लेकिन वार्ताओं का दौर जारी है।
जगह-जगह दबिश
वहीं पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। पुलिस ने अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया है। दुल्हन व मुख्य आरोपी अभी पुलिस से दूर है। इधर, नागवा गांव में भी पुलिस जाप्ता तैनात किया हुआ है।