सीकर

लोकसभा चुनाव से पहले इन विभागों में निकली बंपर वैकेंसी, योग्य उम्मीदवार जल्द करें आवेदन

सीएसआइआर के केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान बिलासपुर ने प्रोजेक्ट असिस्टेंट के 50 पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी की हैं।
4 min read
Mar 26, 2019
सीएसआइआर के केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान बिलासपुर ने प्रोजेक्ट असिस्टेंट के 50 पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी की हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले इन विभागों में निकली बंपर वैकेंसी, योग्य उम्मीदवार जल्द करें आवेदन

सीएसआइआर के केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान बिलासपुर ने प्रोजेक्ट असिस्टेंट के 50 पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी की हैं। यह नियुक्ति लेवल एक और लेवल द्वितीय के लिए होगी। लेवल एक में 40 पद और लेवल द्वितीय में दस पद है। इन पदों को भरने के लिए दो से नौ अप्रैल तक साक्षात्कार होंगे। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इधर, दिल्ली सरकार के स्कूलों में जल्द 10,591 नियमित शिक्षकों की भर्ती होगी। इसके लिए सरकार ने दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड को प्रस्ताव भिजवा दिया है। यह भर्ती सरकारी और नगर निगमों के स्कूलों के लिए चल रही 15 हजार शिक्षकों की भर्ती से अलग होगी। दिल्ली सरकार ने न्यायालय में इस भर्ती प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी है। ऐसे में संभावना है कि जल्द इस भर्ती की विज्ञप्ति जारी होगी।


ग्रंथपाल व क्रीड़ा अधिकारी के पदों पर होगी भर्ती

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की ओर से ग्रंथपाल व क्रीड़ा अधिकारी के 117 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए आयोग ने विस्तृत विज्ञप्ति जारी कर दी है। इसमें ग्रंथपाल के 56 व क्रीड़ा अधिकारी के 61 पद है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन पांच अप्रेल से पांच मई तक होंगे। आवेदन फार्म में गलती होने पर सात मई से से 13 मई तक गलती सुधार सकेंगे। अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगा। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, सामान्य विज्ञान, तर्क शक्ति, अंग्रेजी सहित अन्य विषयों के सवाल पूछे जाएंगे। इनमें से कुछ पद दिव्यांग व महिलाओं के लिए आरक्षित है।


स्टेनोग्राफर भर्ती: तैयारी के टिप्स
राजस्थान अधीनस्थ कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से होने वाली स्टेनोग्राफर भर्ती परीक्षा मई महीने में होने की संभावना है। इस परीक्षा के लिए दो प्रश्न पत्र होंगे। जिनमें से प्रथम प्रश्न पत्र सामान्य ज्ञान, दैनिक विज्ञान तथा राजस्थान सामान्य ज्ञान से संबंधित होगा। परीक्षा में 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। जिनमें राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से संबंधित समसामयिक घटनाएं, राजस्थान व भारत का भूगोल एवं प्राकृतिक संसाधन, राजस्थान का इतिहास, कला, संस्कृति के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा नवीं, दसवीं की सामाजिक विज्ञान पुस्तक से अध्ययन करना होगा। द्वितीय प्रश्न पत्र में सामान्य हिंदी व अंग्रेजी के 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। हिंदी व्याकरण के संधि, समास, उपसर्ग, प्रत्यय, विलोम शब्द, विराम चिह्न, कार्यालयी पत्र आदि से संबंधित 75 प्रश्न पूछे जाएंगे।


इनके लिए विद्यार्थियों द्वारा कक्षा नवीं से बारहवीं तक की व्याकरण तथा कार्यालयी पत्रों के विशेष अध्ययन के लिए कक्षा 12 की संवाद-सेतु पुस्तक से अच्छी तैयारी की जा सकती है। अंग्रेजी व्याकरण से संबंधित 75 प्रश्न पूछे जाएंगे। विद्यार्थी पाठ्यक्रम के अनुसार बिंदुवार अध्ययन कर सफलता अर्जित कर सकते हैँ।


रेलवे गु्रप डी के नियमों में बदलाव
रेलवे की गु्रप डी की भर्ती के नियमों में बदलाव हुआ है। आरआरसी ग्रुप डी नोटिफिकेशन के पैरा नंबर 16.1 में एक और प्वाइंट जोड़ा गया है। नए प्वॉइंट में कहा गया है कि यदि अभ्यर्थी के कक्षा दसवीं के सर्टिफिकेट या मार्कशीट पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं लिखा हुआ है तो अभ्यर्थी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान रजिस्ट्रेशन नंबर की जगह रोल नंबर लिख सकते हैं। इसी तरह अगर आईटीआई/एनएसी के सर्टिफिकेट या मार्कशीट पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं लिखा हुआ है तो उम्मीदवार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान रजिस्ट्रेशन नंबर की जगह रोल नंबर लिख सकते हैं। अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के दौरान इस सर्टिफिकेट/मार्कशीट को जरूर दिखाना होगा होगा जिसका रोल नंबर या रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म में दिया गया होगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 मार्च से शुरू हो चुकी है। 12 अप्रैल, 2019 तक इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


अलाऊद्दीन खिलजी ने किस वर्ष जालौर को जीता- 1311 ई.
चौमासे की फसल किस नाम से जानी जाती है
- खरीफ की फसल
गुब्बारा महोत्सव किस जिले में मनाया जाता है - बाड़मेर में
‘बमरसिया’ नृत्य का प्रमुख वाद्य क्या कहलाता है - नगाड़ा
सचिया माता का प्राचीन सूर्य मंदिर कहाँ स्थित है - ओसियां
उद्रंग क्या है - भूमि कर
भारत संचार निगम लिमिटेड का प्रथम कॉल सेंटर राजस्थान में कहाँ शुरू किया गया - अजमेर
लूनी नदी के किनारे स्थित पुरातात्विक स्थल है - तिलवाड़ा
महाभारत में उल्लेखित मत्स्य देश की राजधानी थी
- विराटनगर
राजस्थान की किस पोशाक को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त हुई है - जोधपुरी कोट
राजस्थान के किस क्षेत्र में सोयाबीन की कृषि लोकप्रिय हो रही है - हाड़ौती
राजसमंद झील का निर्माण किस नदी पर हुआ है
- गोमती नदी
विवाह पर वधू पक्ष के लोग कहलाते है - घराती
राजस्थान की भाषा के लिए राजस्थानी शब्द का प्रयोग सर्वप्रथम किसके द्वारा किया गया - ग्रियर्सन
राजस्थान में यूरेनियम किस स्थान से प्राप्त होता है
- ऊमरा (उदयपुर)
अजरक प्रिंट के लिए कौनसा स्थान प्रसिद्ध है - बाड़मेर
श्रीगंगानगर की पश्चिमी सीमा से सटा हुआ पाकिस्तान का कौनसा जिला है - बहावलपुर
राजस्थान ऊर्जा क्षेत्र सुधार अधिनियम किस वर्ष में पारित हुआ - 1999
‘गुमशुदा दौर की गूंजती घंटियाँ’ के रचनाकार है
- शीन काफ निजाम
राजस्थान उच्च न्यायालय किस वर्ष में स्थापित किया गया था - 1949 में
प्राकृतिक गैस के भण्डार की दृष्टि से राजस्थान का कौनसा जिला महत्त्वपूर्ण है - जैसलमेर
1207 में किस कछवाह शासक ने मीणों को परास्त कर आमेर को अपनी राजधानी बनाया - कोकिलदेव
कुंवारी कन्याओं द्वारा अच्छे वर की कामना करने के लिए श्राद्ध पक्ष में क्या बनाई जाती है - सांझी
किस राष्ट्रनायक ने ‘राजस्थान को रंगों का प्रदेश’ कहा है
- पं. जवाहरलाल नेहरू ने


इन दिनों चर्चा में...
लोकपाल
लोकपाल की नियुक्ति के लिए गठित समिति ने भारत के पहले लोकपाल के रुप में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस पिनाकी चन्द्र घोष को तय किया है। इस समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, जस्टिस रंजन गोगाई व मुख्य अधिवक्ता मुकुल रोहतगी शामिल है। लोकपाल व लोकायुक्त अधिनियम 2013 के तहत इनकी नियुक्ति की गई है। लोकपाल में एक अध्यक्ष और अधिकतम आठ सदस्य हो सकते है, जिनमे 50 प्रतिशत सदस्य न्यायिक पृष्ठभूमि के होने चाहिए। जस्टिस घोष वर्तमान में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य है।


एबेल पुरस्कार
ज्यामितीय विश्लेषण और सिद्वांत के लिए मौलिक कार्य करने हेतु उलेनबेक को इस वर्ष का यह पुरस्कार दिया गया है। यह पुरस्कार प्राप्त करने वाली करेन पहली महिला है। गणितीय क्षेत्र में नोबल पुरस्कार माने जाने वाले एबेल पुरस्कार को नार्वे सरकार द्वारा गणितज्ञों को दिया जाता है।


गोलन हाइटस
अमरीकी राष्ट्रपति के बयान के बाद पुन: चर्चित गोलन हाइटस सीरिया में एक पठार है, जिसका राजनीतिक व रणनीतिक महत्व है। इजरायल ने वर्ष 1967 में इस पर कब्जा कर लिया था। संयुक्त राष्ट्र की पहल के बाद हुए युद्ध विराम पश्चात इजरायल ने इस पर अपने अधिकार की घोषणा की परन्तु इसे अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर अभी मान्यता नहीं मिली है।


विश्व जल दिवस
हर वर्ष 22 मार्च को लोगों में जल संरक्षण की जागरुकता बढ़ाने के लिए यह दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम है-लीविंग नो वन बिहाइन्ड। यह थीम संयुक्त राष्ट्र के छठे सतत विकास लक्ष्य यानि क्लीन वाटर एण्ड सेनिटेशन को भी निरूपित करती है। जनवरी 2016 से संयुक्त राष्ट्र संघ के माध्यम से सतत विकास लक्ष्यों की योजना बनाई गई है।

Updated on:
26 Mar 2019 04:10 pm
Published on:
26 Mar 2019 04:10 pm