सीकर

Sikar: घरेलू विवाद में टंकी पर चढ़े बुजुर्ग के खिलाफ मामला दर्ज, ठेकेदार के डांटने से नाराज नाबालिग भी 5वीं मंजिल पर चढ़ा

सीकर में 2 अलग-अलग मामलों में ऊंचाई पर चढ़कर हंगामा करने की घटनाएं सामने आईं। घरेलू विवाद के चलते पानी की टंकी पर चढ़े बुजुर्ग के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया। वहीं ठेकेदार की डांट से नाराज नाबालिग पांचवीं मंजिल पर चढ़ गया, जिसे सिविल डिफेंस टीम ने रेस्क्यू किया।
3 min read
Jul 20, 2026
Sikar News
पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान आरोपी और नाबालिग का फोटो: पत्रिका

सीकर में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों ने ऊंची इमारतों पर चढ़कर हंगामा कर दिया। एक बुजुर्ग घरेलू विवाद के चलते पानी की टंकी पर चढ़ गया और ठेकेदार की डांट से नाराज नाबालिग पांचवीं मंजिल पर जा पहुंचा, जिन्हें पुलिस और सिविल डिफेंस टीम ने सुरक्षित नीचे उतारा।

पांच दिन में दूसरी बार पानी की टंकी पर चढ़ा बुजुर्ग

घरेलू विवाद का हवाला देकर पांच दिन के भीतर दूसरी बार जलदाय विभाग की ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा करना एक बुजुर्ग को महंगा पड़ गया। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की शिकायत पर पुलिस ने बुजुर्ग के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सार्वजनिक उपद्रव (न्यूसेंस) फैलाने तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उपखंड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। पुलिस के अनुसार हमीरपुरा निवासी बुजुर्ग रविवार सुबह फिर से रघुनाथ बालिका विद्यालय के पास स्थित उच्च जलाशय की टंकी पर चढ़ गया। आरोप है कि उसने टंकी के प्रवेश द्वार पर लगे ताले तोड़ दिए, ऊपर चढ़कर कपड़े उतार दिए और काफी देर तक हंगामा करता रहा। इससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और प्रशासनिक अधिकारियों को मशक्कत करनी पड़ी।

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता मनीष मील ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उक्त व्यक्ति इससे पहले 15 जुलाई को भी इसी तरह टंकी पर चढ़ गया था। उस समय सिविल डिफेंस टीम की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया था तथा भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद उसने दोबारा टंकी पर चढ़कर विभाग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और जलापूर्ति व्यवस्था सहित राजकार्य में बाधा उत्पन्न की। थानाधिकारी महेंद्र सिंह साहू ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने, सार्वजनिक उपद्रव फैलाने एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को उपखंड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ठेकेदार ने डांटा तो नाबालिग पांचवीं मंजिल पर चढ़ा

जयपुर रोड स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग पर रविवार को ठेकेदार की डांट से नाराज होकर नाबालिग लड़का पांचवीं मंजिल पर छत पर चढ़ गया और नीचे कूदने के लिए दीवार पर खड़ा हो गया। छात्र भवन पर मजदूरी करने वाले अपने भाई से मिलने आया था। नाबालिग कंस्ट्रक्शन साइट की छत की दीवार पर करीब 1 घंटे तक खड़ा रहा। जिससे कि बिल्डिंग के नीचे सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए और जयपुर रोड पर जाम की स्थिति बन गई। रोडवेज बस डिपो चौकी पुलिस जाब्ते व सिविल डिफेंस टीम ने पानी की बोतल देने के बहाने नाबालिग को रेस्क्यू करके उसे नीचे उतारा। पुलिस ने नाबालिग को बाल सुधार गृह भिजवाया है।

उद्योग नगर थाना पुलिस के अनुसार 15 साल के नाबालिग लड़के का भाई जयपुर रोड स्थित निर्माणाधीन भवन पर मजदूरी का काम कर रहा था। रविवार दोपहर में वह अपने भाई से मिलने के लिए आया था। इसी दौरान वहां मौजूद ठेकेदार ने उसे डांट दिया। नाबालिग नाराज होकर पांचवी मंजिल की छत की दीवार पर जाकर खड़ा हो गया। साइट पर मौजूद अन्य लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और सिविल डिफेंस टीम को दी। दोनों ने मौके पर पहुंचकर काफी समझाइश की लेकिन नाबालिग वहां से पीछे आने को तैयार नहीं हुआ। छात्र पुलिस, सिविल डिफेंस, अपने भाई सहित किसी की भी बात का कोई जवाब नहीं दे रहा था।

ऐसे में सिविल डिफेंस की टीम ने पानी की बोतल देने के बहाने नाबालिग का ध्यान भटकाया। सिविल डिफेंस के चार आदमी पीछे से दीवार पर आए। इसके बाद नाबालिग को नीचे उतारा गया। पुलिस ने नाबालिग को श्री कल्याण हॉस्पिटल में ले जाकर मेडिकल करवाया। छात्र को बाल सुधार गृह में शिफ्ट किया गया है।

Updated on:
20 Jul 2026 11:27 am
Published on:
20 Jul 2026 11:26 am