सीकर जिले के गणेश्वर तीर्थ धाम पर शुक्रवार दोपहर कुंड में फेंके गए एक सूटकेस में जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि धाम परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई।
सीकर। सीकर जिले के गणेश्वर तीर्थ धाम पर शुक्रवार दोपहर कुंड में फेंके गए एक सूटकेस में जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि धाम परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई। घटना के समय कुंड के पास जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था।
कुंड के पास निर्माण कार्य कर रहे मजदूर सुरेश गुर्जर ने बताया कि दो श्रद्धालु वहां आए और अपने हाथ में मौजूद एक सूटकेस को कुंड में फेंक दिया। मजदूर कुछ समझ पाते, इससे पहले ही सूटकेस में तेज धमाका हो गया। धमाका होते ही मजदूर घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
धमाका इतना खतरनाक था कि सूटकेस के टुकड़े-टुकड़े हो गए और कुंड की चार दीवारी पर उस सामग्री के छींटे फैल गए, जिससे दीवारों को नुकसान पहुंचा। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुंड का पानी उछलकर बाहर गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मजदूरों तथा मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली।
ब्लास्ट की खबर फैलते ही गणेश्वर तीर्थ धाम पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जमा हो गए। पुलिस संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सूटकेस में क्या सामग्री भरी हुई थी और ब्लास्ट किस उद्देश्य से किया गया। एहतियात के तौर पर धाम परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।