सीकर

युवाओं के लिए शानदार ऑफर : यूपी में स्टेनोग्राफर व असिस्टेंट के 2523 पदों पर भर्ती

युवा 25 दिसम्बर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।
5 min read
• •
Updated: 19 Dec 2017, 1:32 PM IST
sikar

सीकर . नर्सिंग में कॅरियर बनाने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। एम्स भुवनेश्वर में स्टाफ नर्स व नर्सिंग ऑफिसर के 927 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए है। युवा 25 दिसम्बर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। वहीं दिल्ली के अस्पतालों के लिए हुई नर्सिंग स्टाफ भर्ती के परिणाम की प्रतीक्षा सूची भी जारी कर दी है। उत्तरप्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने ऑफिस असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर के 2523 पदों की भर्ती के लिए दुबारा आवेदन मांगे हैं। डीआरडीओ ने 75 पद व मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने वन सेवा के 106 पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी की है।

यूपी में स्टेनोग्राफर व असिस्टेंट के 2523 पदों पर भर्ती
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने ऑफिस असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर के 2523 पदों के लिए दुबारा आवेदन मांगे हैं। इससे पहले अक्टूबर में भी भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की थी। लेकिन तकनीकी कारणों से दुबारा आवेदन मांगे है। आरक्षण का लाभ केवल उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों को मिलेगा। अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को अनारक्षित श्रेणी में माना जाएगा। अभ्यर्थियों को 29 दिसम्बर तक आवेदन करना होगा। अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और टाइपिंग टेस्ट के आधार पर होगा। स्टेनोग्राफर पद के लिए अभ्यर्थियों को शॉर्टहैंड परीक्षा भी देनी होगी।

लिखित परीक्षा का प्रश्न पत्र हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया छह चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में रजिस्ट्रेशन फॉर्म को भरना होगा। रजिस्ट्रेशन फॉर्म में नाम, ई-मेल , मोबाइल नंबर और जन्म तिथि दर्ज कर रजिस्टर बटन पर क्लिक करें। दूसरे चरण में यूजर नेम और पासवर्ड अभ्यर्थी के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए प्राप्त होगा। तीसरे चरण में आवेदन फॉर्म भरना होगा। चौथे चरण में अपनी पासपोर्ट आकार की नवीन फोटोग्राफ और सिग्नेचर की स्कैन फाइल अपलोड करनी होगी।

76पदों पर डीआरडीओ में भर्ती
भारतीय रक्षा और अनुसंधान परिषद ने साइंटिस्ट ग्रुप बी के 76 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की है। ऑनलाइन आवेदन पांच जनवरी 2018 तक होंगे। अभ्यर्थियों के चयन के लिए जीएटी के स्कोर और संबंधित शैक्षणिक योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके लिए डीआरडीओ परीक्षा व साक्षात्कार भी आयोजन कर सकता है।

वन सेवा के 106 पदों पर होगी भर्ती
एमपीपीएससी ने वन सेवा परीक्षा के लिए 106 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे है। ऑनलाइन आवेदन आठ जनवरी तक होंगे। राज्य लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा के साथ संयुक्त रूप से इसकी परीक्षा होगी। परीक्षा पांच चरणों मे होगी। राज्य वन सेवा (मुख्य) परीक्षा में बैठने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले राज्य सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा में बैठना होगा। राज्य वन सेवा (मुख्य) परीक्षा भी वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी वह ऑनलाइन ली जाएगी।

रीट: बाल विकास की तैयारी के टिप्स
व्यक्तित्व- 1.
व्यक्तित्व व्यक्ति के बाहरी तथा आंतरिक गुणों का समन्वय है। जिसमें व्यक्ति के मनो तथा शारीरिक दोनों ही प्रकार के गुण समाहित रहते हैं।
आलपोर्ट के अनुसार: ‘व्यक्तित्व व्यक्ति के अन्दर उन मनोशारीरिक गुणों का गत्यात्मक संगठन है, जो वातावरण के साथ उसका एक अनूठा समायोजन स्थापित करते हैं।’

बुद्धि- 2.
बुद्धि- बुद्धि व्यक्ति की एक जन्मजात शक्ति एवं मानसिक योग्यता है जो व्यक्ति को समायोजन, समस्या समाधान, तर्क-वितर्क, चिन्तन-मनन की क्षमता प्रदान करती है। बुद्धि एक अमूर्त योग्यता है। इसका स्रोत वंशानुक्रम होता है।
वुडवर्थ - ‘‘बुद्धि से तात्पर्य योग्यता को प्राप्त करने की योग्यता है।’’
बर्ट - ‘‘बुद्धि से तात्पर्य भली प्रकार निर्णय लेना, भली प्रकार अवबोध करना तथा भली प्रकार तर्क करना है।’’

बुद्धि की विशेषताएँ
1. बुद्धि, व्यक्ति की जन्मजात शक्ति है।
2. बुद्धि, व्यक्ति को अमूर्त चिन्तन की योग्यता प्रदान करती है।
3. बुद्धि, व्यक्ति को विभिन्न बातों को सीखने में सहायता देती है।
4. बुद्धि पर वंशानुक्रम और वातावरण का प्रभाव पड़ता है।
5. प्रिन्टर (ptinter) के अनुसार- बुद्धि का विकास जन्म से लेकर किशोरावस्था के मध्यकाल तक होता है।

संवेगात्मक बुद्धि
डेनियल गोलमैन (Daniel Goleman) -‘‘संवेगात्मक बुद्धि व्यक्ति के स्वयं के एवं दूसरों के संवेगों को पहचानने की वह क्षमता है जो हमें प्रेरित कर सकने और हमारे संवेगों को स्वयं में और अपने संबंधों के दौरान भली प्रकार साधने में सहायक होती है। ’’

अभिप्रेरणा- 3.
अभिप्रेरणा का अर्थ
शाब्दिक अर्थ की दृष्टि से अभिप्रेरण के समानार्थक अंग्रेजी शब्द ‘Motivation’ है। जिसकी व्युत्पति लैटिन ((Latin)) भाषा के शब्द मोटम (motum) से हुई है जिसका अर्थ है गति या( to move) अर्थात् ‘कोई क्रिया करना’।
1. स्किनर- ‘‘अभिप्रेरण अधिगम का सर्वोत्कृष्ट राजमार्ग है।’’
2गुड- ‘‘अभिप्रेरणक्रिया को आरम्भ करने, जारी रखने तथा नियन्त्रित करने की प्रक्रिया है।

अभिप्रेरक

जन्मजात अभिप्रेरक
ये अभिप्रेरक व्यक्ति में जन्म से पाये जाते है जैसे- भूख, प्यास, विश्राम, निद्रा, सुरक्षा, काम आदि।

अर्जित अभिप्रेरक
ये प्रेरक जिन्हें प्राणी अपने प्रयासों से प्राप्त करता है जैसे- सामाजिकता, रूचि, प्रतिष्ठा, युयुत्सा (combat) और आत्मस्थापना (Self Assestion) आदि।

वैयक्तिक भिन्नता-4.
वैयक्तिक के भेद या भिन्नता का अर्थ एक व्यक्ति का दूसरे व्यक्ति से रूप-रंग, शारीरिक गठन, बुद्धि, विशिष्ट योग्यताओं, रुचियों, उपलब्धियों, स्वभाव, व्यक्तित्व के गुणों आदि में भिन्नता से है।
दो व्यक्तियों की बुद्धि, विशेषकों समायोजन, अभिक्षमता एवं व्यवहार में जो अंतर होते हैं उन्हें वैयक्तिक भिन्नताएँ कहा जाता है।

विशिष्ट बालक

‘‘विशिष्ट बालक वे है जो शारीरिक, संवेगात्मक या सामाजिक विशेषताओं में सामान्य बालकों से इतने पृथक हैं, कि उनकी क्षमताओं के अधिकतम विकासार्थ विशिष्ट शिक्षा सेवाओं की आवश्यकता पड़ती है।’’
पिछड़े बालक ‘‘बर्ट के अनुसार जिस बालक की बुद्धिलब्धि 85 से कम है पिछड़ा बालक है।’’

हिज मैजेस्ट्री के अनुसार ‘‘पिछड़े बालक वे हैं जो उस गति से आगे बढऩे में असमर्थ होते है जिस गति से उनकी आयु के अधिकांश साथी आगे बढ़ रहे हैं।

प्रतिभाशाली बालक
वे बालक जिनकी बौद्धिक योग्यता औसत दर्जे के छात्रों से कहीं अधिक होती है। ऐसे छात्रों में अवधान शक्ति, तर्क शक्ति अधिक पायी जाती है। टर्मन के अनुसार ऐसे बालकों की बुद्धिलब्धि 140 एवं अधिक होती है।

सृजनशील बालक
वे बालक जो नूतन निर्माण करते हैं विभिन्न अनुपयोगी वस्तुओं से नवीन वस्तु बना लेते हैं, सृजनशील बालक कहलाते हैं। सृजनशील बालकों की बुद्धिलब्धि औसत बालक से अधिक अर्थात् बुद्धिलब्धि 110 से अधिक होती है।

इन दिनों चर्चा में...

यूथ क्वेक
यूथ क्वेक वर्ष 2017 का वर्ड ऑफ द ईयर चुना गया है। जिसका अर्थ है-युवाओं में किसी कार्य या प्रेरणा से शुरू होने वाला सांस्कृतिक, सामाजिक या राजनीतिक बदलाव। प्रकाशकों ने ब्रिटेन व न्यूजीलैण्ड के आम चुनाव को इसके उदाहरण के रूप में बताया है।

सौर मंडल केप्लर 90
अमरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के केप्लर स्पेस टेलीस्कोप ने गूगल की ऑर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) तकनीक से केप्लर-90 नामक सौरमंडल के आठवें ग्रह केप्लर-90 आई की खोज की है। इस सौरमंडल के बाकी ग्रहों की खोज पहले ही हो चुकी थी मगर आठवां ग्रह मिलने से इसकी तुलना हमारे सौरमंडल से की जा रही है।

आईएनएस कलवरी
स्कॉर्पियन क्लास की छह पनडुब्बियों में से पहली पनडुब्बी आईएनएस कलवरी भारतीय नौ सेना में शामिल की गई है। मेक इन इंडिया के तहत इसका डिजाइन फ्रांसीसी कंपनी तथा निर्माण मुंबई के मंझगांव डॉकयार्ड में किया गया है। नौ सेना की परम्परा के अनुसार शिप और सबमरीन के सेवामुक्त होने पर उन्हें दोबारा अवतरित किया जाता है। भारत की पहली पनडुब्बी का नाम भी आईएनएस कलवरी ही था।

नेपाल में संसदीय व प्रांतीय चुनाव
नेपाल नेपाल में एक साथ सम्पन्न सभी सात प्रदेशों एवं केन्द्र की प्रतिनिधि सभा के चुनावों में नेपाल के दो बड़े दलों ने वाम गठबंधन बना सरकार बनाने के लिए बहुमत हासिल कर लिया। नेपाल में 2015 में नया संविधान लागू होने के बाद पहली बार संसदीय व प्रांतीय विधानसभाओं के चुनाव हुए है।

Updated on:
19 Dec 2017, 1:32 PM IST
Published on:
Also Read
View All