
झुंझुनूं @ पत्रिका. शहर के वार्ड नंबर 5 स्थित जीत नगर संस्कृत स्कूल के पास पिछले करीब एक महीने से सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। मुख्य सीवरेज चैंबर के साथ छोटे चैंबर भी लगातार ओवरफ्लो हो रहे हैं, जिससे गंदा पानी और सीवरेज का मल-मूत्र सड़क पर बह रहा है। इससे आसपास के लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। पूरे क्षेत्र में फैली दुर्गंध के कारण लोगों का सांस लेना भी दूभर हो रहा है। स्थानीय निवासी वासुदेव, सूरजभान, चंद्रभान, सूर्यप्रकाश, सतवीर सुंडा, विकास, सुभाष, उमेद, सागरमल, अमित, मोहित कुमार आदि का कहना है कि समस्या को लेकर नगर परिषद, आयुक्त, एलएंडटी कंपनी के अधिकारियों तथा संबंधित एईएन को कई बार लिखित शिकायत और ज्ञापन दिए जा चुके हैं। लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। लगातार बह रहे गंदे पानी से संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं स्कूली बच्चों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।