
सीकर.प्रभारी मंत्री शकुन्तला रावत की मौजूदगी में सोमवार को हुई जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक में पीसीसी चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा व सीकर विधायक राजेन्द्र पारीक के बीच जमकर तकरार हुई। लगभग दस मिनट तक हुई दोनों नेताओं की बहस को प्रभारी मंत्री शकुन्तला रावत व खंडेला विधायक महादेव सिंह खंडेला ने कई बार बीच.बचाव की कोशिश की। लेकिन दोनों तरफ से शब्दों के तीर जारी रहे। दरअसलए नवलगढ़ रोड के पानी निकासी प्रोजेक्ट की धीमी रफ्तार के मामले में पीसीसी चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा ने अधिकारियों की क्लास लेना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि सिस्टम पूरी फेल है। प्रदेश में हमारी सरकार है और नवलगढ़ रोड के लोगों को नर्क का जीवन जीना पड़ता है...शर्म आती है। उन्होंने कहा कि पुलिया का काम शुरू नहीं हुआ और सड़क टूटी पड़ी है। इस पर सीकर विधायक राजेन्द्र पारीक ने पीसीसी चीफ को निशाने पर ले लिया। उन्होंने कहा कि आप सीकर को छोडि़ए अपने लक्ष्मणगढ़ पर ध्यान दिजिए। डोटासरा ने कहा कि अफसरों की क्लास ले रहा हूं तो आप क्यों इनका बचाव कर रहे हो। इस बीच सभापति जीवण खां बैठक छोड़कर चले गए। इसके बाद लगभग डेढ़ घंटे बैठक चली। इसमें पीसीसी चीफ और प्रभारी मंत्री ने अटके प्रोजेक्टों को लेकर अधिकारियों की जमकर क्लास ली।