सीकर

मृत्यु के महोत्सव की तैयारी.. करोड़ों का कारोबार छोड़कर पहले बने जैन मुनि, 37 दिन से छोड़ा अन्न

आचार्य धर्मसागर महाराज की समाधि के पास समाधि के लिए सीकर में संलेखना यात्रा पर है मुनि प्रभास सागर महाराज सत्येन्द्र पोरवाल
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 1:45 PM IST
मृत्यु के महोत्सव की तैयारी.. करोड़ों का कारोबार छोड़कर पहले बने जैन मुनि, 37 दिन से छोड़ा अन्न

सीकर. मृत्यु की कल्पना से ही मनुष्य का कलेजा चिंता और भय से कांप उठता है। किसी सदस्य के साथ छोड़ने का विचार परिवार के हृदयों को भी हिला देता है। पर इससे इतर सीकर शहर के दंग की नसियां में अध्यात्म की ऐसी यात्रा चल रही है, जिसमें मृत्यु की महोत्सव के रूप में तैयारी की जा रही है। कभी करोड़ों का कारोबार छोड़कर जैन मुनि बने प्रभास सागर महाराज यहां 37 दिन से अन्न त्यागकर आत्मा की आनंदमयी यात्रा के लिए संलेखना से समाधिमरण की ओर बढ़ रहे हैं। मृत्यु को सहज व समभाव से देखने वाले संत के दर्शनों के लिए भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।

40 साल पहले छोड़ा रात्रि आहार

परिजनों के अनुसार मुनि प्रभास सागर महाराज कभी जयपुर के प्रसिद्ध कारोबारी नवरतन पाटनी के रूप में पहचान रखते थे। पर संसार में रहकर भी उनका मन वैरागी ही रहा। वर्षों से धर्म, तप, संयम और आत्मकल्याण की साधना उनके जीवन का हिस्सा रही। गृहस्थ अवस्था में उन्होंने वर्ष 2019 में 12 वर्ष की नियम संलेखना अंगीकार की थी। लगभग 40 वर्ष पूर्व उन्होंने रात्रि भोजन का त्याग कर दिया था और बाद में रात्रि जल का भी परित्याग कर दिया। बीते करीब 25 वर्षों में वे 1500 से अधिक दिन उपवास एवं पारणा की साधना कर चुके हैं।

19 अगस्त को ली मुनि दीक्षा

19 अगस्त को आचार्य वर्धमान सागर महाराज के सान्निध्य में मुनि दीक्षा ग्रहण कर उन्होंने सांसारिक जीवन का त्याग कर दिया। इसके बाद 21 अक्टूबर से अन्न का पूरी तरह से त्याग कर दिया। भोजन, फल और विभिन्न रसों का त्याग करते हुए अब वे यम संलेखना की ओर बढ़ रहे हैं। समाधिमरण की इस यात्रा का साक्षी बनने उनका परिवार भी साथ आया हुआ है।

आचार्य के पास समाधि की इच्छा

मुनि प्रभाससागर महाराज के बेटे सीए विकास जैन के अनुसार दीक्षा से पहले ही उन्होंने जीवन के अंतिम पड़ाव को भी आध्यात्मिक मार्ग पर पूर्ण करने का संकल्प बना लिया था। उनकी इच्छा थी कि उनकी समाधि आचार्य धर्मसागर महाराज के समाधि स्थल सीकर में हो। इसीलिए उनका सीकर आगमन हुआ है।

क्या है संलेखना: जैन दर्शन में संलेखना को अत्यंत महत्वपूर्ण आध्यात्मिक साधना माना जाता है। इसका उद्देश्य शरीर और संसार के प्रति आसक्ति को कम कर आत्मा पर केंद्रित होना है। संलेखना के बाद समाधि साधना का चरण आता है, जिसमें साधक राग-द्वेष, मोह, भय और चिंता से ऊपर उठने का प्रयास करता है। जैन दर्शन में समाधिमरण को आदर्श मृत्यु माना गया है, जहां व्यक्ति पूर्ण जागरूकता, समता और आत्मस्मरण के साथ जीवन की अंतिम अवस्था को स्वीकार करता है। गौरतलब है कि जैन धर्म की श्वेताम्बर परम्परा में संलेखना को संथारा कहा जाता है।

Updated on:
28 Nov 2026, 1:45 PM IST
Published on: