सीकर

सडक़ पर फूटा जनता का आक्रोश, लापरवाह विभाग नहीं कर रहा समस्याओं का समाधान

थोड़ा बहुत पानी आ रहा था उसमें भी जनप्रतिनिधियों ने राजनीति कर दूसरी कॉलोनी की तरफ मोड़ दिया।
2 min read
• •
Updated: 27 May 2018, 4:54 PM IST
protest
सडक़ पर फूटा जनता का आक्रोश, लापरवाह विभाग नहीं कर रहा समस्याओं का समाधान

सीकर. पिछले कई दिनों से पेयजल समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा शनिवार को सडक़ पर उतर आया। गुस्साए लोगों ने बजाज सर्किल के पास जाम लगा दिया। आधे घंटे चले प्रदर्शन में वाहनों की कतार लग गई और जब जाम खुलवाने ट्रेफिक पुलिस पहुंची तो यहां उसे लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। बाद में समझाइश से मामला निपटा और जाम हटने के बाद यातायात व्यवस्था सुचारू हो पाई। कॉलोनी के लोगों का कहना था कि वे लोग भरी गर्मी में पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। थोड़ा बहुत पानी आ रहा था उसमें भी जनप्रतिनिधियों ने राजनीति कर दूसरी कॉलोनी की तरफ मोड़ दिया।

पिछले तीन दिन से पेयजल सप्लाई की गंभीर समस्या बनी हुई है। लेकिन, न तो इसकी सुनवाई जलदाय विभाग के अधिकारी कर रहे हैं और न ही प्रशासन उनकी सुन रहा है। मजबूरी में सडक़ पर जाम लगाना पड़ा है। ताकि अधिकारियों के कानों तक पहुंच सके।


वीडियोग्राफी
जाम के दौरान यातायात प्रभारी जगदीश यादव भी मौके पर पहुंचे। यहां जाम हटाने का प्रयास करने में कॉलोनी के लोग उनसे उलझने लगे। गर्मागर्मी के दौरान पुलिस ने जाम लगाने वाले और बहस करने वालों की वीडियोग्राफी भी कराई। प्रदर्शन में महिलाओं सहित काफी संख्या में कॉलोनी के लोग मौजूद रहे।


पिछले एक सप्ताह से व्यवस्था बेपटरी
जिला मुख्यालय पर पिछले एक सप्ताह से व्यवस्था बेपटररी है। जिला मुख्यालय पर सात दिनों में नौ से अधिक क्षेत्रों के लोग प्रदर्शन कर चुके है। इसके बाद भी जलदाय विभाग कोई व्यवस्था नहीं कर पा रहा है। लोगों का कहना है कि सोमवार तक व्यवस्था सही नहीं होने पर कलक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया जाएगा।


व्यापारियों ने लगाया जाम
यातायात डायवर्ट करने, पेयजल सहित अन्य मांगों को लेकर श्रमदान क्षेत्र के व्यापारियों ने भी शनिवार को जाम लगा दिया। दस मिनट तक जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिसने व्यापारियों को समझाकर रास्ता खुलवाया। पुलिस अधिकारियों ने जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।

Published on: