
सीकर. अपने पुराने गढ़ में वापसी के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को चुनावी शंखनाद करेंगे। सांवली रोड स्थित खेल स्टेडियम में होने वाली सभा में सीकर, चूरू, झुंझुनूं, जयपुर ग्रामीण व नागौर के कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीएस जाट ने बताया कि राहुल गांधी दोपहर साढ़े बारह बजे तारपुरा हवाई पट्टी पर आएंगे।
यहां से वे सीधे स्टेडियम पहुंचेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद शेखावाटी में कांग्रेस की यह पहली बड़ी सभा है। इससे पहले इसी खेल स्टेडियम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी सभा को संबोधित कर चुके है।
कांग्रेस का यहां पूरा फोकस भीड़ जुटाने पर है। सभा को अशोक गहलोत, सचिन पायलट, अविनाश पाण्डे, काजी निजामुद्दीन, मोहन प्रकाश व पूर्व मंत्री सीपी जोशी सहित अन्य संबोधित करेंगे।
दावेदार शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में
राहुल की सभा के जरिए दावेदारों को शक्ति प्रदर्शन का बड़ा जरिया मिल गया है। कई विधानसभा क्षेत्रों के दावेदार अपने समर्थकों के साथ दावेदारी जताएंगे। सूत्रों की माने तो शेखावाटी की सीटों पर कांग्रेस से 90 से ज्यादा दावेदारों के नाम सामने आए है। ऐसे में पार्टी भी के सामने डे्रमेज कन्ट्रोल भी बड़ी चुनौती रहेगी।
शेखावाटी से पुराना नाता
कांग्रेस का शेखावाटी से पुराना नाता है। पिछले चुनाव में मोदी लहर में यहां भी कांग्रेस को काफी नुकसान हुआ। अब कांग्रेस फिर से इस क्षेत्र में पकड़ मजबूत कर आगामी चुनाव में फायदा लेने की कोशिश में है। नामांकन से ठीक पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली से आलाकमान कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने की भी तैयारी में है।
देर रात तक तैयारियों में जुटे
कांग्रेस नेता आखिरी समय में भीड़ जुटाने में लगे रहे। जिलाध्यक्ष पीएस जाट, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुभाष महरिया, राजेन्द्र पारीक, लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविन्द सिंह डोटासरा, सभापति जीवण खां सहित अन्य नेताओं ने बुधवार को शहर के कई क्षेत्रों में दौरा कर जनसम्पर्क किया। वहीं देर रात तक स्टेडियम में कांग्रेस नेताओं की बैठकों का दौर चलता रहा।