Weather Forecast: पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया है। बाड़मेर में सबसे ज्यादा 16.6 मिमी बारिश दर्ज की गई और सीकर में तेज हवाओं के साथ ओले भी गिरे।
Rajasthan Weather Update: राजस्थान के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। सीकर जिले में 4 दिन से छाए बादल बुधवार दोपहर बाद बरस पड़े। शहर और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ चने के आकार के ओले गिरे और फिर बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार सीकर और रींगस क्षेत्र में करीब दो-दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं सुबह के समय जयपुर के कई इलाकों में भी हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 19 मार्च को प्रदेश में एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक 16.6 मिमी बारिश बाड़मेर में रिकॉर्ड की गई।
आज जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 20 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है। वहीं जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
21 मार्च को प्रदेश में मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा, जबकि 22 मार्च को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। आंधी और बारिश के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है और फिलहाल अधिकांश स्थानों पर तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।