
सीकर.
भाजपा व कांगे्रस ने मुसलमानों को वोट बैंक मान लिया है। जीतने के बाद भी पार्टी मुस्लिम नेताओं को मंत्री पद भी नहीं देती है। इस कारण राजस्थान का मुसलमान कदम-कदम पर अपने आप को अपमानित और ठगा हुआ महसूस कर रहा है। यह बात मंगलवार को राजस्थान के चीफ काजी खालिद उस्मानी ने हकीम साहब की दरगाह में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने मोदी व वसुन्धरा सरकार के कामकाज को लेकर कहा कि जनता अंधी नहीं है, सब समझती है। धर्म की राजनीति करने वालों को देश जरूर सबक सिखाएंगा। कांग्रेस पर बरसते हुए कहा कि कांग्रेस मुस्लिम चेहरों को टिकट तो देती है लेकिन जीतने के बाद मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करती। जबकि भाजपा जिताऊ चेहरे नहीं होने की बात कहकर टिकट ही नहीं देती है। जिस तरह आडवाणी को दरकिनार कर मोदी खुद प्रधानमंत्री बने है, वहीं हालत योगी मोदी के साथ करने वाले है। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी, बसपा व सपा सहित अन्य दलों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजनीति के जरिए देश के साथ कौम का भी भला होना चाहिए। इससे पहले चीफ काजी का बड़े हकीम साहब की दरगाह के सजादानशींन खालिद हुसैन रिजवी, सुजाउद्दीन बाबा, डॉ. जाकिर बडगुजर व निसार शेख सहित अन्य ने सम्मान किया।
चुनाव लडऩे वाले हमारे पास भेजे बायोडाटा
उस्मानी ने कहा कि राजनीति में अच्छे लोगों को लाने के लिए पूरे राजस्थान से आवेदन मांगे है। इनमें से अच्छे आवेदनों को विभिन्न राजनैतिक दलों के पास भेजा जाएगा और टिकट दिलाने की पैरवी भी की जाएगी। प्रदेश में राजनैतिक जागृति के लिए अभियान शुरू कर दिया है। अजमेर व सीकर के बाद बीकानेर में यह कार्यक्रम होगा।
पैसा देकर टिकट लाने से बढ़ता है भ्रष्टाचार
उस्मानी ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार की मूल वजह लोगों के पैसे देकर पार्टियों से टिकट लाना है। चुनाव जीतने के बाद ऐसे लोगों विभिन्न योजनाओं में घपला कर पहले अपना धन वसूलते है। उन्होंने कहा कि इस कारण देश तरक्की नहीं कर रहा है। देश की तरक्की के लिए अब कौम में राजनैतिक चेतना लाना जरूरी है।
पत्रिका मुहिम को सराहा
चीफ काजी ने कहा कि राजस्थान पत्रिका की राजनीति में बदलाव की मुहिम सराहनीय है। इससे निश्चित तौर पर राजनीति में अच्छे लोग आएंगे। उन्होंने कहा कि ईमानदार लोग राजनीति में आएंगे तभी देश का भला हो सकेगा। बेइमान नेताओं के कारण देश गर्त में जा रहा है।