सीकर

भर्ती तो होगी राजस्थान में और सेंटर दे दिए दूसरे राज्यों में, अभ्यर्थियों में खुशी कम नाराजगी ज्यादा

राज्य सरकार चुनावी साल में अधिकाधिक नौकरियां देकर युवाओं को खुश करने का प्रयास कर रही है, वहीं अधिकारियों की लापरवाही के चलते यह भर्ती युवाओं को खुश कम और नाराज ज्यादा कर सकती है।
2 min read
Jun 30, 2018
rajasthan electricity board recruitment for 3210 posts center outside
भर्ती तो होगी राजस्थान में और सेंटर दे दिए दूसरे राज्यों में, अभ्यर्थियों में खुशी कम नाराजगी ज्यादा

सीकर.

राज्य सरकार चुनावी साल में अधिकाधिक नौकरियां देकर युवाओं को खुश करने का प्रयास कर रही है, वहीं अधिकारियों की लापरवाही के चलते यह भर्ती युवाओं को खुश कम और नाराज ज्यादा कर सकती है। कारण है विद्युत निगम में जो भर्ती निकली है उसके परीक्षा सेंटर, नई दिल्ली, पंजाब, मध्यप्रदेश, हरियाणा, गुजरात व उत्तरप्रदेश के शहरों में आए हैं। ऐसे में उनको भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। विद्युत निगम में असिस्टेंट पसर्नल ऑफिसर, जूनियर लीगल ऑफिसर, जूनियर अकाउंटेंट, स्टेनोग्राफर, जूनियर असिस्टेंट/ कॉमर्सियल असिस्टेंट की भर्ती की जा रही है। इसमें सबसे ज्यादा जूनियर असिस्टेंट/कॉमर्सियल असिस्टेंट के 2110 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा अन्य पद करीब 1041 हैं। कुल करीब 3151 पदों पर भर्ती होनी है।


दोहरी मार
यह भर्ती बेरोजगारों का दोहरा इम्तिहान लेगी। एक तो परीक्षा आवेदन शुल्क अन्य परीक्षाओं की तुलना में ज्यादा है। सामान्य वर्ग के लिए 850 तथा अन्य सभी वर्गों के लिए 550 रुपए शुल्क लिया गया। अब राजस्थान के बाहर के सेंटरों पर जाने के लिए हर विद्यार्थी के करीब एक हजार से तीन हजार रुपए तक का खर्चा होगा। बालिकाओं के साथ उनके अभिभावक भी जाएंगे। ऐसे में उनका खर्चा तो दोगुना हो जाएगा।

तो क्या पूरे देश में होते सेंटर
निगम में करीब 3151 पदों पर ही भर्ती हो रही है। आवेदनों की संख्या भी करीब दो लाख से कम है। फिर भी 7 राज्यों में परीक्षा करवाई जा रही है। जबकि राजस्थान अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड की ओर से पटवारी भर्ती की परीक्षा करवाई गई थी उसमें करीब दस लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे। इसके अलावा रीट में भी लाखों विद्यार्थी बैठे थे, उस समय ही राजस्थान से बाहर किसी सेंटर पर परीक्षा नहीं हुई ,जबकि अब कम पद व कम आवेदनों के बावजूद सात राज्यों में परीक्षा करवाई जा रही है। राजस्थान में मात्र दस ही शहरों में परीक्षा होगी। युवा इस भर्ती पर अभी से सवाल उठाने लगे हैं। हालांकि यह परीक्षा ऑनलाइन होगी, फिर भी एक्सपर्ट का कहना है कि इंजीनियर कॉलेज इतनी है कि राजस्थान में ही पूरी परीक्षा करवाई जा सकती है।


आवेदन व परीक्षा में अंतर कम
आवेदन लेने 22 मई से शुरू हुए थे। अंतिम तिथि 11 जून थी। अब कई पदों के लिए परीक्षा 6 जुलाई को होगी। ऐसे में विद्यार्थियों का कहना है कि आवेदन व परीक्षा में नाम मात्र का समय बचा है। ऐसे में अनेक विद्यार्थियों का तो कोर्स ही पूरा नहीं होगा।


इन राज्यों में बनाए परीक्षा के सेंटर
राजस्थान : अजमेर, आबूरोड, अलवर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, कोटा,सीकर, श्रीगंगानगर और उदयपुर।
एनसीआर: दिल्ली, फरीदाबाद, गाजीयाबाद, नाएडा, ग्रेटर नोएडा, गुडग़ांव।
हरियाणा : हिसार, सोनीपत
पंजाब: भटिंडा, संगरूर,
गुजरात : अहमदाबाद,आनंद, गांधीनगर, मेहसाणा, राजकोट,वडोदरा,
महाराष्ट्र : मुम्बई, ठाणे, नवी मुम्बई, नागपुर, नासिक, पुणे
मध्यप्रदेश : भोपाल,ग्वालियर, इंदौर, सागर, उज्जैन

Published on:
30 Jun 2018 10:34 am