सीकर

Rajasthan: सरपंच चुनाव के दौरान भारी बवाल, मारपीट में एक प्रत्याशी बेहोश, अस्पताल में भर्ती

सीकर जिले के दांतारामगढ़ क्षेत्र में सरपंच चुनाव के दौरान मतदान केंद्र के बाहर दो प्रत्याशियों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भोजा की ढाणी ग्राम पंचायत के किकरालिया गांव में हुई मारपीट में सरपंच प्रत्याशी अरुण कुमार पारीक घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2026, 6:36 PM IST
Sikar Sarpanch Chunav
Sikar Sarpanch Chunav: मारपीट में घायल सरपंच प्रत्याशी (फोटो-पत्रिका)

सीकर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के दौरान विवाद और मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सीकर जिले की दांतारामगढ़ तहसील की भोजा की ढाणी ग्राम पंचायत के किकरालिया गांव में मंगलवार को मतदान के दौरान दो सरपंच प्रत्याशियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक प्रत्याशी और उसके समर्थकों ने प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी अरुण कुमार पारीक के साथ मारपीट की और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। मारपीट में घायल अरुण कुमार बेहोश हो गए। उन्हें एंबुलेंस की मदद से सीकर के श्री कल्याण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

घटना के बाद मतदान केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर रींगस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक गर्ग भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया, ताकि मतदान प्रक्रिया प्रभावित नहीं हो।

एक नाम के दो प्रत्याशी होने से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, किकरालिया गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में मतदान केंद्र बनाया गया था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मतदान केंद्र के बाहर दोनों प्रत्याशियों के बीच मतदाताओं को लेकर कहासुनी शुरू हुई। पुलिस सूत्रों और ग्रामीणों के अनुसार, चुनाव मैदान में किशोर कुमार नाम के दो प्रत्याशी होने से भ्रम की स्थिति बनी हुई थी।

मारपीट के दौरान की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)

आरोप है कि कुछ युवक स्लेट और तख्तियों पर दूसरे किशोर कुमार का बैलेट नंबर लिखकर मतदाताओं को भ्रमित कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते समर्थक भी आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अरुण कुमार पारीक के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

पत्नी ने लगाए मारपीट और चेन छीनने के आरोप

घायल प्रत्याशी की पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके पति के साथ मारपीट की गई। उनके कपड़े फाड़ दिए गए और सोने की चेन भी छीन ली गई। मारपीट के बाद अरुण कुमार बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। इधर, रानोली थानाधिकारी रामलाल जाटोलिया ने बताया कि मतदान केंद्र के बाहर विवाद हुआ था। हालांकि, थाने में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित कर ली। घटना के बाद मतदान केंद्र पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई।

यह वीडियो भी देखें :