
सीकर.
रामलीला मैदान पर कड़वे प्रवचनों में तरुण सागर महाराज ने कहा कि सच्चा इस्लाम भाईचारा, मोहब्बत और एक दूसरे की मदद का पैगाम देता है। धर्म के नाम पर हिंसा फैलाने वाला इस्लाम नहीं हो सकता। आतंकवाद से भारत ही नहीं पूरी दुनिया पीडि़त और परेशान है। जैन मुनि ने कहा कि हर धर्म में परंपराओं के नाम पर कई कुप्रथाएं और कुरुतियों ने जगह बना ली। जिन्होंने धर्म का रूप ले लिया है। उन्हें नष्ट करने के लिए धर्म को आग में झोंकना होगा। ताकि धर्म के नाम पर जमी विकृतियां जलकर भस्म हो जाएं। क्योंकि धर्म तो कुंदन होता है। जो कि, आग में जाने पर और ज्यादा निखर जाता है।
Must read:
नामुमकिन कुछ भी नहीं
तरुण सागर ने कहा कि संकट के समय में भी हिम्मत मत हारो। क्योंकि हिम्मत हारते ही हराने वालों की लाइन लग जाया करती है। मन को मजबूत कर लोंगे तो दुनिया में नामुमकिन कुछ भी नहीं है। मन को मंत्र और पानी को यंत्र मिल जाए तो वह भी ऊपर उठ जाया करता है। मन को नापने के लिए ईश्वर का सहारा और परमात्मा को पाने की खातिर दुनिया से नाता तोडऩा पडेग़ा। क्योंकि बंदर की तरह मन चंचल होता है। जैसे मुनियों के पैर एक जगह नहीं टिकते हैं। वैसे ही गृहस्थ इंसान का मन भी कहीं नहीं टिकता है।
जो दबा-दबा कर खाता है वह दवाखाना जाता है
जैन मुनि ने कहा कि वर्तमान में भूख भी घड़ी देखकर लगने लगी है। जबकि धर्म और डॉक्टर कहते हैं कि स्वस्थ्य रहने के लिए भूख से कम खाइए। जो दबा-दबा कर खाता है उसे ही दवाखाना जाना पड़ता है। क्रोध के समय किया गया भोजन जहर बन जाता है और सात्विक आहार लेने से विचार भी शुद्ध हो जाते हैं। रस बरसाने वाली रसोई वर्तमान में किच-किच होने के कारण किचन बन कर रह गई है। जैस बीज बोएगा उसे वैसे ही फसल काटनी पड़ेगी। अधमरा इंसान किसी काम का नहीं होता। क्योंकि ना तो उसे जलाया जा सकता है और ना ही वह कुछ काम आ सकता है। हर चीज घट और बढ़ रही है। लेकिन, विधि का विधान ही एेसा है जो न घटता है और ना ही बढ़ता है। भगवान बनने की आवाज पर बन गए मुनि प्रवचनों में तरुण सागर ने बताया कि बचपन में वह जलेबी की दुकान पर बैठते थे और स्कूल से आ रहे थे। उस दौरान पास में प्रवचन भी चल रहे थे। उनके कानों में आवाज पड़ी कि इंसान चाहे तो अच्छे कर्म कर वह भगवान भी बन सकता है। उन शब्दों ने जिदंगी बदल दी है और इसके बाद 13 साल की उम्र मे दीक्षा लेकर मुनि बन गए। संस्कार ग्रुप ने दी प्रस्तुति प्रवचन से पहले संस्कार ग्रुप ने भक्ति नृत्य की प्रस्तुति दी। मांगलिक क्रियाएं विनोद कुमार पदम कुमार अभय व नरेश सेठी परिवार ने की। पवन मोदी, अनीता शर्मा, दयाल सिंह शेखावत ने जैन मुनि को श्रीफल भेंट किए। अनुभव सेठी, महावीर ठोलिया, विनोद जयपुर व सौरभ पाटनी ने इंद्रचंद पंकज कुमार छाबड़ा, संतोष देवी, हितेश पहाडिय़ा का स्वागत किया। मंत्री राजकुमार रिणवा, विधायक रतनलाल जलधारी, पूर्व मंत्री राजेंद्र पारीक, सभापति जीवण खां बतौर अतिथि मौजूद रहे।
Must read:
जैन मुनि बच्चों को पढ़ाएगे नैतिक शिक्षा का पाठ
जैन मुनि तरुण सागर आठ अगस्त को सीकर के रामलीला मैदान में स्कूली विद्यार्थियों को नैतिक एवं संस्कार शिक्षा का पाठ पढ़ाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों के संस्था प्रधानों को पत्र लिखा है। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक प्रथम पवन कुमार शर्मा ने बताया कि आठ अगस्त को सुबह आठ बजे रामलीला मैदान में जैन मुनि बच्चों को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में आठ से दस हजार स्कूली बच्चों के शामिल होने की संभावना है।