
सीकर। सीकर जिले से अगवा दुल्हन को देहरादून से बरामद कर पुलिस सीकर ले आई है। पुलिस ने शनिवार शाम को दुल्हन को बरामद करने साथ ही अपहरण के मुख्य आरोपी और उसके साथी को भी देहरादून से गिरफ्तार किया था। पुलिस तीनों को लेकर रविवार सुबह सीकर पहुंच गई। आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। जबकि अंकित सहित बाकी आरोपियों से दूसरी जगह पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी महावीर सिंह राठ़ौड ने बताया कि प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग जैसा कोई मामला सामने नहीं आया है।
इससे पहले शनिवार को मामले को लेकर चार दिनों से जमकर बवाल मचता रहा। राजपूत समाज खुलकर पुलिस प्रशासन के सामने हो गया। इंटरनेट सेवा बंद रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई।
ऐसे चला घटनाक्रम
1. धोद के नागवा गांव में बुधवार तड़के चार बजे दुल्हन अपहरण कर लिया।
2. बुधवार रात को कलक्टर आवास के बाहर उदयपुरवाटी विधायक राजेंद्र गुढ़ा का आत्मदाह का प्रयास किया।
3. गुरुवार को दिनभर माहौल तनावपूर्ण बना रहा। सडक़ को जाम कर प्रदर्शन किया।
4. शुक्रवार को कलक्टर व पुलिस आवास के बाहर राजपूत समाज का प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया।
5. शनिवार को सिल्वर जुबली रोड पर समाज का विरोध प्रदर्शन और कलक्टर आवास में घुसने की चेतावनी दी।
6. सीकर में शनिवार को इंटरनेट सेवा शाम 6 बजे तक बंद किया गया। आंदोलन के उग्र होने की आशंका के चलते पुलिस ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
7. शनिवार शाम देहरादून में दुल्हन व आरोपी की गिरफ्तारी। इसके बाद धरना खत्म हुआ।
बता दें कि सीकर जिले में नागवा निवासी हंसा कंवर और उसकी बहन सोनू कंवर की 16 अप्रैल को बारात आई थी। मायके से दोनों दुल्हनों की बारात ससुराल जा रही थी। आरोप है कि इस बीच दुल्हन हंसा के प्रेमी अंकित ने दुल्हे की कार के आगे दूसरी गाड़ी लगाकर रोक लिया। इसके बाद उसने कार में तोडफ़ोड की और हथियार के दम पर दुल्हन का अपहरण कर लिया। विरोध करने पर हंसा की बहन सोनू व अन्य से मारपीट भी की गई। राजपूत समाज में दिनदहाड़े हुए दुल्हन के अपहरण को लेकर सीकर में काफी बवाल मचा ।